क्राइम

हिस्ट्री शीटर बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्टर : नसीम अली
रायसेन । डेढ़ साल से फरार हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह बदमाश चार जिलों की खाक छानने के बाद पुलिस गिरफ्त में आया है। दो दिन पहले पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रंजीत जोशी उर्फ चिट्टा राजीवनगर आ रहा है। थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर तत्काल राजीवनगर में घेराबंदी की, लेकिन आरोपी भनक लगते ही मौके से पहाड़ की ओर भागा। हालांकि पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
15 दिसंबर 2021 को आरोपी रंजीत जोशी उर्फ चिट्टा पिता मुन्नालाल जोशी उम्र 30 वर्ष निवासी राजीवनगर सलामतपुर और उसके दो साथियों अमन खान पिता अनीस खान व गोविंद पिता पूरन ने शराब के पैसों की मांग करते हुए विनोद जाटव पिता मान सिंह जाटव पर जानलेवा हमला करते हुए गर्दन को कटर से काट दिया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। आरोपी अमन और गोविंद को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन रंजीत जोशी उर्फ चिट्टा फरार था। एसपी ने भी आरोपी की गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपए का इनाम रखा था। रंजीत पर दर्ज हैं 9 मामले, 2 में हो चुकी है 7-7 साल की सजा थाने का हिस्ट्रीशीटर गुंडा . रंजीत जोशी उर्फ चिट्टा लूट और अड़ीबाजी के मामलों में मास्टरमाइंड है। इसके ऊपर सलामतपुर थाने में 9 मामले लूट, मारपीट, अड़ीबाजी, चोरी के दर्ज हैं। यह थाने का निगरानी शुदा बदमाश है। यह वारदातों को अंजाम देने के लिए सबसे ज्यादा विदिशा रायसेन और बीना जिलों में सक्रिय रहा। आरोपी को लूट के दो मामलों में 7-7 साल की सजा भी हो चुकी है।
इस संबंध में देवेन्द्रपाल सिंह, थाना प्रभारी सलामतपुर का कहना है कि डेढ़ साल से फरार तीन हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश रंजीत जोशी उर्फ चिट्टा को पकड़ने में सफलता मिली है। आरोपी को रायसेन न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश न्यायालय द्वारा दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button