मध्य प्रदेश

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस पर कार्यशाला : शिक्षकों से कहा- विद्यार्थियों में विकसित करें वैज्ञानिक सोच

भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान (आईएएसई) भोपाल में शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 के अंतर्गत “सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में एमएड व बीएड प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस से जोड़ने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अनुसंधान की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त मृदा वैज्ञानिक डॉ. शेखर साराभाई, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की राज्य समन्वयक एवं साइंस सेंटर ग्वालियर की सचिव संध्या वर्मा तथा संस्थान की प्राचार्य डॉ. भारती श्रीवास्तव ने किया। डॉ. शेखर साराभाई एवं संध्या वर्मा ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्य, शोध परियोजना निर्माण की वैज्ञानिक प्रक्रिया, स्थानीय समस्याओं पर आधारित अनुसंधान तथा नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप परियोजना आधारित अधिगम की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित कर उन्हें समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम डॉ. रश्मि जैन ने इस महत्वपूर्ण कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कृतज्ञता ज्ञापित की। कार्यशाला में सहायक प्राध्यापक डॉ. अजरा आसिफ, डॉ. सपना जैन, माधवी खरे, रचना श्रीवास्तव, नीतू रत्नाकर, मयूर दुबे सहित संस्थान का स्टाफ उपस्थित रहा। बड़ी संख्या में एम.एड. एवं बी.एड. प्रशिक्षणार्थियों ने प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियों में सहभागिता करते हुए कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।

Related Articles

Back to top button