सियरमऊ में मोतिया कुआं पर बेबस नदी की पूजा-अर्चना कर कलश पूजन, पंचायत मंत्री को किया जल प्रेषित

ग्रामवासियों ने एकजुट होकर नदी संरक्षण का लिया संकल्प
सिलवानी । जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत सियरमऊ में स्थित सीताराम मंदिर के पास बेबस नदी के उद्गम स्थल मोतिया कुआं पर श्रद्धा और परंपरा के साथ पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा नदी पूजन कर कलश में जल भरकर कन्या पूजन किया गया, और वह पवित्र कलश मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम में विक्रम शाह, अमित शुक्ला, सरपंच मनोहर रजक, सचिव रमेश शाह, संजय खरे, जसवंत ठाकुर, विक्रम प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने बेबस नदी के संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि मोतिया कुआं बेबस नदी का मूल स्रोत है, जहां से नदी की पवित्र धारा का प्रवाह शुरू होता है। ग्रामवासियों द्वारा इस स्थल पर हर वर्ष धार्मिक आयोजन कर नदी के महत्व को रेखांकित किया जाता है।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने प्रशासन से नदी के संरक्षण, सफाई और नियमित देखरेख की भी मांग की। कार्यक्रम में कन्या पूजन कर जल संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्रमुखता दी गई।



