मध्य प्रदेश

महाविद्यालय की अनियमितताओं के खिलाफ अभाविप ने किया प्रदर्शन

15 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
सिलवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इकाई सिलवानी द्वारा शासकीय महाविद्यालय में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं एवं विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में महाविद्यालय के भवन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को व्यवस्थित एवं सुचारु करने तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी कक्षाओं की समय-सारणी व्यवस्थित कर निर्धारित समय पर नियमित कक्षाओं के संचालन की मांग रखी गई।
विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए महाविद्यालय में कंट्रोल रूम तथा छात्राओं के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने, बीएससी, एमए एवं एमकॉम की कक्षाओं के संचालन के लिए अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था करने और नियमित क्रीड़ा शिक्षक की नियुक्ति की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
अभाविप ने विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने एवं छात्रवृत्ति समय पर उपलब्ध कराने, एनएसएस विद्यार्थियों को निर्धारित पूर्ण ड्रेस उपलब्ध कराने तथा बी एवं सी प्रमाण-पत्र परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने की मांग की। विद्यार्थियों के लिए डिजिटल आईडी कार्ड जारी करने, कक्षाओं एवं परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने तथा कंप्यूटर लैब को आवश्यक कंप्यूटर एवं संसाधनों से सुसज्जित करने की मांग भी की गई।
इसके अलावा प्रायोगिक विषयों के विद्यार्थियों के लिए प्रयोगशालाओं एवं आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था, स्मार्ट क्लास को व्यवस्थित कर पूर्ण रूप से उपयोग योग्य बनाने, परिसर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश, उचित एवं पर्याप्त फर्नीचर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
इस अवसर पर अभाविप भाग संयोजक जय यादव ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर संगठन द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया है। यदि इन मांगों का जल्द से जल्द निराकरण नहीं किया गया तो अभाविप द्वारा उग्र आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button