धर्मांतरण मामले में दर्ज रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन, इधर हिंदू संगठनों ने दलालों की अर्थी फूंकी
रिपोर्टर : भगवत सिंह लोधी
दमोह। बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष द्वारा देहात थाने में धर्मांतरण पास्को एक्ट सहित अन्य मामलों में मिशनरी से जुड़े 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर कराई गई थी। इसके बाद धर्मांतरण को लेकर जांच के बाद एक अन्य एफआईआर दर्ज करते हुए आठ अन्य लोगों को भी नामजद किया गया था।
बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष द्वारा 13 नवंबर को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मामले में ईसाई मिशनरी से जुड़े विभिन्न संस्थाओं के गैर ईसाई अधिकारी कर्मचारियों ने मंगलवार को पैदल मार्च निकालकर हाथों में तख्तियां लेते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के अलावा कलेक्टर एसपी को एक ज्ञापन सौंपते हुए उपरोक्त मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए मामले में संस्थाओं के जिम्मेदार पदाधिकारियों के नाम बिना जांच-पड़ताल के दर्ज किए जाने की बात कही। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए अपनी बात रखी।
इधर इस ज्ञापन के 1 घंटे बाद हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने मानस भवन अंबेडकर चौक के समीप अर्थी जुलूस निकालकर लाल के दलालों की अर्थी फूंकी तथा 15 दिन बाद भी उपरोक्त मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल खड़े किए। हिंदू जागरण मंच के महामंत्री नित्या प्यासी ने आरोपियों की अग्रिम जमानत रद्द हो जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी में देरी को लेकर इस तरह के प्रदर्शन आगे भी जारी रखने की बात कही है।





