कलेक्टर ने किसानों की सुविधा की मद्देनजर ढीमरखेड़ा में डबल लाक केंद्र खोलने एम.डी. को लिखा पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कलेक्टर अवि प्रसाद ने किसानों के हित का उल्लेख करते हुए मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर ढीमरखेड़ा तहसील में उर्वरक भंडारण हेतु किसानों की सुविधा की दृष्टि से दो हजार मैट्रिक टन क्षमता का डबल लाक केंद्र स्थापित करने पत्र लिखा है।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने ढीमरखेड़ा में डबल लॉक केंद्र स्थापित करने की मांग के संबंध में शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह की मांग प्रस्ताव का भी उल्लेख किया है और लिखा है कि कटनी जिले में वर्तमान में मात्र 2 ही डबल लॉक केंद्र ही संचालित है। जिले की भौगोलिक स्थिति के आधार पर किसानों को डबल लॉक केंद्रों से नगद में उर्वरक लेने के लिए लगभग 80 से 100 किलोमीटर की दूरी तय करना पड़ता है ।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने हाल ही में कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के दौरान भी ढीमरखेड़ा तहसील में डबल लॉक केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया था ।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने प्रबंध संचालक को लिखे पत्र में उल्लेखित किया है कि वर्तमान में तहसील ढीमरखेड़ा में उर्वरक भंडारण हेतु शासकीय एवं सहकारी गोदाम उपलब्ध नहीं है तथा कृषि बहुल्य क्षेत्र होने के कारण उर्वरक की मांग बहुतायत है। इसलिए किसानों की सुविधा के मद्देनजर और उर्वरक सुगम उपलब्धता हेतु ढीमरखेड़ा तहसील में 2 हजार मेट्रिक टन क्षमता का डबल लॉक केंद्र स्थापित करने का आग्रह है ।



