काम करते समय ईंट भट्टा में गिरा युवक, दबने से हुई मौत

रायसेन । बुधवार दोपहर एक युवक की ईंट भट्टे में गिरने से मौत हो गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त यह युवक ईंट भट्टे पर काम कर रहा था। भट्टे में गिरने से युवक बुरी तरह से झुलस गया था। परिजन उसे अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मां और परिजन अस्पताल में बिलख-बिलख कर रोने लगे।
सागर मार्ग स्थित बम्होरी में चल रहे ईंट भट्टे पर वीरेंद्र बैरागी सिंह पिता प्रेमसिंह बैरागी उम्र 20 साल निवासी धनियाखेड़ी पिपलाई डेम काम करने के लिए पहुंचा। काम के दौरान वीरेंद्र बैरागी अचानक भट्टे में गिरने से उसकी गर्दन टूट गई, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृत युवक के पिता प्रेमसिंह बैरागी ने बताया कि वह रोज की तरह ईंट भट्टे पर काम करने गया था, पर पता नहीं अचानक क्या हुआ कि वह भट्टे में गिर गया। वहीं जिला अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की मां सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
संचालित हो रहे अवैध ईंट-भट्टे
रायसेन शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध ईंट भट्टे संचालित हो रहे हैं। इन पर धड़ल्ले से नाबालिगों से काम कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इस कारण सारे नियम ताक पर रखकर ईंट भट्टे चलाए जा रहे हैं। शहर के बायपास रोड स्थित रीजन नदी के पास तो हालत यह है कि ईंट भट्टे के संचालकों ने नदी का रास्ता ही मोड़ दिया है। यहां बड़ी मात्रा में खुदाई कर पेड़ों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
मिट्टी के लिए उत्खनन
उल्लेखनीय है कि रायसेन के आस-पास सैकड़ों अवैध भट्टे चल रहे हैं। जिनकी जांच और कार्रवाई करने की हिम्मत संबंधित विभाग नहीं कर पाता है। अधिकतर भट्टे राजनीति से जुड़े लोगों के या इनके संरक्षण में चल रहे हैं। इन भट्टी पर ईंट बनाने के लिए मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जाता है।



