मध्य प्रदेश

खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा मिठाई दुकानों का किया गया औचक निरीक्षण

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह । कलेक्टर एस. कृष्ण चैतन्य के निर्देशानुसार डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन राकेश अहिरवाल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने पथरिया नगर में मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। मध्यप्रदेश शासन द्वारा दूध एवं दुग्ध पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध एवं दूध से बनी खाद्य सामग्री उपयोग हेतु बाजार में उपलब्ध होगी। इसी तारतम्य में डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन दमोह राकेश अहिरवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने पथरिया नगर में झंडा चौक स्थित नेमा स्वीट्स/कलू बड्डा स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। उक्त परिसर में संग्रहित मिठाइयों की गुणवत्ता की परख हेतु कलाकंद का नमूना जांच हेतु लिया गया है। इसी तरह संजय चौराहा स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी स्वीट का नमूना जांच हेतु लिया गया। इन मिठाइयों के नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दोनों खाद्य परिसरों में फ़ूड लाईसेंस की प्रति एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगा हुआ पाया गया। मौके पर परिसर में संग्रहित मिठाई, खोवा, पनीर, दही, घी एवं दूध की गुणवत्ता जांच मैजिक बॉक्स की सहायता से की गई है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button