क्राइम

चाचा करता था शोषण, दुखी छात्रा ने कॉलेज कैंपस में खाया जहर

रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । गुरुवार को अपने ही सगे चाचा द्वारा लगातार की जा रही छेड़छाड़ से दुखी कॉलेज की एक छात्रा ने कॉलेज परिसर में चूहा मार दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। कॉलेज गेट के पास बेहोश होकर गिरी छात्रा को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। छात्रा ने अपनी कॉपी में एक सुसाइड नोट भी लिखा है जिसमें उसने अपने अपने ही चाचा द्वारा की जा रही छेड़छाड़ से दुखी होकर यह कदम उठाए जाने का जिक्र किया है।
कन्या महाविद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब दोपहर करीब 12.30 बजे बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा बेहोश होकर कॉलेज गेट पर गिर पड़ी। तत्काल चौकीदार ने इसकी सूचना प्राचार्य को दी और फिर दो लड़कियां उसे उठाकर जिला चिकित्सालय ले गई जहां उसका उपचार शुरू हुआ। छात्रा के जहर खाने की पुष्टि हुई और फिर उसकी कॉपी से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उसने अपने चाचा पर आरोप लगाए है। छात्रा ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, उसकी मां की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है, चाचा उसी घर में रहता है। चाचा विवाहित है और दो बच्चों का पिता भी है। लेकिन छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में यह जिक्र किया है कि जब चाची घर पर नहीं होती थी तब चाचा उसे परेशान कर उससे जबरदस्ती का प्रयास करता था। इससे वह परेशान थी। छात्रा के बयान लेने महिला पुलिस सहित तहसीलदार भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है एक टीम छात्रा के चाचा की तलाश में उसके गांव भी भेजी गई है।
इस संबंध में डॉ नीता पांडेय, प्राचार्य शासकीय कन्या महाविद्यालय का कहना है कि छात्रा कॉलेज गेट पर ही बेहोश हो गई थी। यह देखकर चौकीदार ने हमें सूचना दी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाने को कहा। दो लड़कियां उसे लेकर गईं थीं। पीछे जाए से हम लोग भी अस्पताल पहुंचे थे। अब वह बेहतर है। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
आशुतोष सिंह, टीआई थाना कोतवाली विदिशा का कहना है कि एक छात्रा ने कॉलेज परिसर में कैंटीन के पास चूहामार दवा खाई है। उसके बयान लिए जा रहे हैं, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। वो अपने किसी परिजन पर आरोप छेड़छाड़ के आरोप लगा रही है। मामले की पड़ताल की जा रही है। दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button