चौरसिया दंपती ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा, ये दुनिया में पहले भारतीय
मप्र का मान बढ़ा : 18510 फीट ऊंची चोटी पर किया सूर्य नमस्कार
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रतलाम । मध्यप्रदेश के पर्वतारोही दंपति ने यूरोप की सर्वोच्च 18510 फीट ऊंची चोटी माउंट एल्बुस पर तिरंगा लहराकर रिकॉर्ड बनाया। बैंकर अनुराग चौरसिया और पटवारी पत्नी सोनाली परमार विश्व में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने चोटी पर 7 बार सूर्य नमस्कार कर दुनिया को योग का संदेश भी दिया। अनुराग ने बताया, 10-11 अगस्त को सफर की शुरुआत की। माउंट एल्बुस के पहले 4700 मीटर की ऊंचाई पर सबसे पहले तिरंगा लहराया। 16 अगस्त की सुबह 5.30 बजे चोटी पर राष्ट्रध्वज लहराया।
माइनस 25 डिग्री में बढ़ाना था मुश्किल 15 अगस्त की रात 11 बजे माइनस 20-25 डिग्री तापमान में आगे बढ़े। हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी थी। कदम बढ़ाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन इरादे पक्के थे। तंजानिया में की चढ़ाई का अनुभव काम आया। बता दें, 2022 में दंपती किलिमंजारो की चोटी पर तिरंगा लहरा चुके हैं।



