जनपद अध्यक्ष के चुनाव की हलचल हुई तेज, किसके सिर बंधेगा ताज, अटकले जारी
सिलवानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस दौरान सिलवानी जनपद के सभी 20 नए जनपद सदस्यों के नामों की घोषणा भी हो गई है। चुनावी परिणाम आने के बाद से ही नए जनपद अध्यक्ष के लिए भाजपा और कांग्रेस द्वारा सदस्यों को अपने साथ जोड़ने की जद्दोजहद शुरू हो गई है। वहीं अध्यक्ष पद के दावेदारों ने चुनाव परिणाम आने के बाद से ही अन्य जनपद सदस्यों से संपर्क करना भी शुरू कर दिया है। अब जबकी राज्य निर्वाचन आयोग ने भी जनपद अध्यक्ष को लेकर चुनाव कराने की तारीख की घोषणा कर दी है। तो क्षेत्रीय राजनीति में हलचल भी तेज हो गई है। वहीं इस बार जनपद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही बहुमत का आंकड़ा जुटाने में मुश्किलें हो रही हैं। हालांकि राजनीतिक पंडितों के अनुसार भाजपा के पास पूर्ण बहुमत दिखाई दे रहा है। अब देखना ये होगा कि नए सदस्य किस विचारधारा से जुड़ते हैं।
इस बार जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित मुक्त होने से एक अनार सौ बीमार की स्थिति में है। उम्मीदवार पूरी ताकत लगा रहे हैं। इनमें भाजपा के कदावर नेता और पूर्व केबिनेट मंत्री रामपालसिंह राजपूत के बहनोई ठाकुर तरूवरसिंह राजपूत जो कि पूर्व में जनपद पंचायत अध्यक्ष रह चुके है। इस बार भी उनकी दावेदारी प्रबलता से देखी जा रही है। वह स्वयं और दो अन्य सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचन करा चुके है।
जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए 27 जुलाई को वोटिंग होनी है। जैसे जैसे जनपद अध्यक्ष के चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे वैसे भाजपा कांग्रेस में अंतरकलह भी बढ़ती जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार भाजपा में अभी तक एक प्रत्याशी के पर सहमति नहीं बना पाई है, कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार का नाम के पत्ते नहीं खोले है। वैसे तो कांग्रेस से रश्मि भरत पटेल नाम के कयास लगाये जा रहे है। पांच जनदपद सदस्य रघुवंशी समाज और आठ आदिवासी समाज के जनपद सदस्य भी इस चुनाव में निर्वाचित हुये है। सभी अपनी जातिगत समीकरण के आधार पर अपनी अपनी शक्ति से अन्य सदस्यों को अपने साथ जोडने का प्रयास तो कर रहे हैं लेकिन ये शक्ति एक जगह केंद्रित न होने से बहुमत का आंकड़ा पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं भाजपा संगठन भी अभी पूरी तरह शांत दिख रहा है लेकिन पार्टी कहीं न कहीं अंतरकलह से पीड़ित है।
निर्वाचित जनपद सदस्यों में आरती राघवेन्द्र रघुवंशी, निर्मला मदनगोपाल वर्मा, अजुद्दीबाई पुरूषोत्तम, रश्मि भरत पटेल, उमा /धीरजसिंह पटेल, रामचंद्र सिलावट, बाबूलाल धाकड़, सुनील रघुवंशी, विमलाबाई रामनारायण इमने, कृष्णा रवि मांडरे, सरोज लक्ष्मीनारायण रघुवंशी, फूलबाई जगन गौड़, विनोदकुमार शाह, मोहनमुरारी रघुवंशी, राजीवकुमार रघुवंशी, मेहरबानसिंह मरकाम, महेश आदिवासी, बंशी लाल, गंगाबाई धर्मदास इमने, तरूवरसिंह राजपूत है।



