किसानों का चक्काजाम खरीदी अव्यवस्थाओं पर उग्र प्रदर्शन

स्टेट हाईवे 15 सिलवानी बरेली मार्ग 1 घंटे किया बंद
सिलवानी। समर्थन मूल्य पर गेहूं चना और मसूर खरीदी में अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट हाईवे-15 सिलवानी-बरेली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले सैकड़ों किसान कृषि उपज मंडी के सामने सड़क पर बैठ गए और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। दोपहर 4 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम 5 बजे तक चला जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। किसानों ने आरोप लगाया कि सिलवानी तहसील में केवल 10 वेयरहाउस को ही खरीदी केंद्र बनाया गया है जबकि शेष वेयरहाउस खाली पड़े हैं। किसानों की मांग है कि सभी उपलब्ध वेयरहाउस को तत्काल खरीदी केंद्र घोषित किया जाए ताकि समय पर तुलाई हो सके और उपज खराब न हो।किसानों ने यह भी बताया कि स्लॉट बुकिंग के दौरान रकवे का सैटेलाइट सत्यापन गलत दिखाया जा रहा है, जिससे उन्हें स्लॉट नहीं मिल पा रहा। इसके अलावा चना और मसूर खरीदी केंद्र अभी तक शुरू नहीं किए गए हैं जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्लॉट बुकिंग की सीमा बढ़ाकर 2000 क्विंटल प्रतिदिन करने, तुलाई व्यवस्था सुधारने सर्वर समस्याओं को दूर करने और उपज के सुरक्षित भंडारण की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि फसल खुले में पड़ी खराब हो रही है जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।किसान मजदूर महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष रूपबसंत रघुवंशी के नेतृत्व में किसानों ने स्टेट हाईवे 15 सिलवानी बरेली मार्ग पर स्थित कृषि उपज मंडी के सामने चक्काजाम किया। सिलवानी एसडीएम चौधरी तहसीलदार सुधीर शुक्ला सहित प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइस के बाद चक्काजाम समाप्त कराया। हालांकि किसानों ने पूर्व में दिए गए ज्ञापन में प्रशासन चेतावनी दी कि यदि 27 अप्रैल तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 28 अप्रैल को बिना सूचना उग्र आंदोलन किया जायेगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया लेकिन साफ कर दिया कि समय सीमा में निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में मनमोहन सिंह रघुवंशी, भरत पटेल, कृष्णकुमार रघुवंशी, देवेंद्र रघुवंशी, मुन्ना करेले सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



