तीन नाबालिग किशोरियों ने खाया जहर, 2 की मौत, एक की हालत गंभीर

सीहोर से इंदौर घूमने आई थी किशोरियां
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में सीहोर जिले से घूमने आई तीन नाबालिग किशोरियों ने जहर खा लिया। जिसमें दो किशोरियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं एक की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भंवरकुआं थाना क्षेत्र का मामला है। जहां एक गार्डन में तीन किशोरियों ने एक साथ जहर खा लिया। घटना के वक्त तीनों रीजनल पार्क रोड पर घूम रही थीं। तीनों युवतियां आपस में सहेली हैं, जो सीहोर जिले के आष्टा के पास ग्रामीण इलाके की रहने वाली है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि एक किशोरी ने पारिवारिक विवाद के कारण जहर खाया। जबकि दूसरी किशोरी ने दोस्ती के चक्कर में जहर खाया। तीसरी किशोरी के जहर खाने की वजह पता नहीं चली। पहले यह सूचना मिली थी कि तीनों ने रीजनल पार्क में जहर खाया, लेकिन पार्क के कर्मचारियों ने कहा कि पार्क में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। किशोरियां सड़क पर घूम रही थीं। पुलिस ने किशोरियों के परिवारवालों को मामले की जानकारी दी है। देर शाम दो किशोरियों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल में तीनों नाबालिगों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। जहां पर दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृत किशोरियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं एक का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस उसका बयान लेकर मामले की जांच में जुट गई है।



