यादव समाज ने राज्यपाल के नाम तहसील कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

सिलवानी। शुक्रवार को यादव समाज के लोगों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सिलवानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल द्वारा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ कथित तौर पर की गई असंसदीय टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में अखिल भारतीय यादव महासभा की और से बताया गया कि 21 दिसंबर को रायसेन में आयोजित एक सभा के दौरान विधायक देवेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ पर्ची वाला मुख्यमंत्री जैसे गैर मर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जिससे यादव समाज आहत है। समाज ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ है।
यादव समाज ने कहा कि मुख्यमंत्री न केवल यादव समाज का गौरव हैं बल्कि प्रदेश की सात करोड़ जनता के प्रतिनिधि भी हैं। उनके खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी से पूरे समाज की छवि धूमिल हुई है। साथ ही विधायक द्वारा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्षों पर सट्टा खिलवाने अवैध शराब बिकवाने एवं संरक्षण देने जैसे निराधार आरोप लगाए गए हैं जबकि क्षेत्र में यादव समाज के कई गणमान्य व्यक्ति पूर्व में भी और वर्तमान में भी मंडल अध्यक्ष पद पर रहे हैं। समाज ने मांग की कि विधायक देवेंद्र पटेल अपने बयान को तत्काल वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा नहीं होने की स्थिति में यादव समाज द्वारा आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई है। इस अवसर पर तहसील यादव समाज अध्यक्ष दिनेश यादव समाज के पूर्व अध्यक्ष नारायण यादव मुन्ना यादव तुलसी यादव कांता यादव अजमेर यादव यशपाल यादव जितेंद्र यादव नरेश यादव केशु यादव सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।



