नवरात्र पर भक्तिमय हुआ अंचल, नगर, कस्बा, गांव और मजरे टोलों में लगे माता के दरबार
सिलवानी। शारदीय नवरात्रि पर्व नगर व अंचल में श्रद्वा, भक्ति व उत्साह के साथ मनाया जा रहा हैं। नगर के अधिकांश हिस्सों को जगमगाती, रंगबिरंगी लाईटों से सजाया गया है। देर रात तक माता के दर्शनों का सिलसिला चल रहा है। नवरात्र को लेकर नगर से लेकर अंचल के गांव, कस्बा व मजरे टोलों में भी माता के दरबार सजाए गए है। सजाए गए दरबार में आयोजकों के द्वारा आकर्षक साज सज्जा की जा रही है। नगर के शिवाजी नगर, होली चौक, गांधी चौक, स्टेट बैंक के पास की झांकी के आयोजकों के द्वारा भव्यता प्रदान की गई है। नगर की यह झांकी श्रद्वालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अतिरिक्त महावीर कॉलोनी, शिव मंदिर, गांधी चौक, जेल रोड, उत्कृष्ट विद्यालय, गांधीनगर की झांकी में भी आयोजकों के द्वारा बेहतर साज सज्जा की गई है।
सड़कों पर उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाबः. नगर में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पंडालों में विराजित की गई देवी प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए शाम के सात बजते ही सैकड़ों की संख्या में भक्तों का सैलाब सड़कों पर उमड़ रहा है। मातारानी के दर्शन किए जाने का सिलसिला देर रात तक अनवरत चलता है।


