विकसित भारत 2047 संकल्प को लेकर जनपद पंचायत बड़वारा में हुई महत्वपूर्ण बैठक

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शुक्रवार को विधानसभा बड़वारा अंतर्गत जनपद पंचायत बड़वारा सभागार में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सहभागिता कर विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों एवं क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की ।
बैठक को संबोधित करते हुए बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे । उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें । उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया ।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव होगा । इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम जनता को मिलकर कार्य करना होगा । उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है ।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है । उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर ध्यान देने की बात कही । वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया ।
बैठक में मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, उमरियापान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, मनीष बागरी, अजय सोनी, नितिन पाण्डेय, अनुराग गुप्ता, अनिल बागरी, मंडल महामंत्री आशीष सोनू गौतम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


