30 को भोपाल में सम्मान : एमपी बोर्ड 12वीं में 75% प्लस वाले विद्यार्थियों को मिलेगी लैपटॉप की राशि

हर प्रतिभाशाली बच्चे को सीएम देंगे 25-25 हजार रुपए
भोपाल । मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की इस साल हुई 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का भोपाल में सम्मान होगा। वहां 30 सितंबर को होने वाले आयोजन में सम्मान स्वरूप इन विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए के लैपटॉप दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान वन क्लिक के माध्यम से इन सबके के खाते में राशि पहुंचाएंगे।
इसके लिए इन सभी के अकाउंट की जानकारी राज्य शिक्षा केंद्र में जमा कर दी गई। प्रदेश में करीब 91 हजार छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
30 सितंबर को मुख्यमंत्री चौहान वन क्लिक के माध्यम से इनके खाते में राशि पहुंचाएंगे
वर्ष-2021-22 शिक्षा सत्र की परीक्षा में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के 12वीं में 75+ प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में इंदौर 52 जिलों में नंबर-1 रहा था। कुल 6419 विद्यार्थी में प्राइवेट स्कूल के 3529 और सरकारी स्कूल के 2890 विद्यार्थी हैं।
प्रत्येक जिले से 50-50 बच्चों को बुलाया गया है भोपाल
सम्मान समारोह में प्रदेश के 10 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। हर जिले से 50-50 बच्चों को बुलाया है। इंदौर के चुनिंदा 50 विद्यार्थी जाएंगे। कोरोना के कारण यह आयोजन दो साल बाद हो रहा है।



