मध्य प्रदेश

42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के उपरांत उच्च श्रेणी शिक्षक मोहनलाल कुशवाहा का भव्य सम्मान समारोह संपन्न

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक मोहनलाल कुशवाहा के 42 वर्षों की उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्कलंक शासकीय सेवा पूर्ण करने पर उनके सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।
मोहनलाल कुशवाहा शासकीय माध्यमिक शाला बरखेड़ी से उच्च श्रेणी शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक एवं कर्मचारी जगत से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मोहनलाल कुशवाहा का पुष्पमालाओं से स्वागत कर तथा शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की ओर से भी मोहनलाल कुशवाहा को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके चार दशक से अधिक समय तक दिए गए उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मोहनलाल कुशवाहा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें एक ईमानदार, अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ, सरल, मिलनसार एवं सेवाभावी शिक्षक बताया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालय के विकास तथा शिक्षक हितों के संरक्षण के लिए सदैव सक्रिय भूमिका निभाई । मप्र राज्य कर्मचारी संघ में जिला उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान एवं संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूर्व नपाध्यक्ष मलखान सिंह जाट ने कहा कि मोहनलाल कुशवाहा अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और निष्ठा के पर्याय रहे तथा उन्होंने अपने आचरण से शिक्षक समाज का गौरव बढ़ाया। राकेश भार्गव ने उन्हें सेवा, समर्पण और सादगी की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। पूर्व जिला अध्यक्ष मान सिंह लोधी ने उनके 42 वर्षों के शिक्षकीय जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज एवं संगठन दोनों को नई दिशा प्रदान की।
इस अवसर पर मुकेश कुमार नापित, अशोक शर्मा, ऋषिराज शर्मा, देवी सिंह जाट, दीपक कटारे, शकुंतला पटकर सहित अनेक वक्ताओं ने मोहनलाल कुशवाहा के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों को याद किया।
विदिशा से विशेष रूप से पधारे सर्व समाज जनसेवक संगठन के लोकसभा अध्यक्ष उमराव सिंह कुशवाहा ने श्री कुशवाहा के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव समाज और शिक्षा के हित में कार्य किया। श्री तोमर ने भी उनके व्यक्तित्व एवं सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज का आदर्श शिक्षक बताया।
कार्यक्रम में प्राचार्य राकेश सोनी, प्राचार्य दंगल सिंह ठाकुर, पूर्व प्राचार्य एम.एल. बघेल सहित अनेक वरिष्ठ शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में प्रशस्ति- पत्र का प्रभावशाली वाचन राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक रामगोपाल नेमा ने अत्यंत प्रभावी एवं गरिमामय ढंग से किया, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।
अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षक साथियों एवं नागरिकों ने मोहनलाल कुशवाहा के स्वस्थ, सुखमय एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button