परिवर्तन हेल्थ एंड एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष धीरज कुमार ने किया 17वां रक्तदान

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
दमोह । परिवर्तन हेल्थ एंड एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी, के अध्यक्ष धीरज कुमार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपना 17वां रक्तदान किया। यह रक्तदान ग्राम सुबह निवासी तुलसीराम विश्वकर्मा के उपचार हेतु किया गया, जिनका इलाज वर्तमान में जिला चिकित्सालय दमोह में चल रहा है।
तुलसीराम विश्वकर्मा को गंभीर अवस्था में पहले नागपुर ले जाया गया था, जहां से उन्हें पुनः दमोह जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों द्वारा उन्हें ओ पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता बताई गई, लेकिन परिजन रक्त की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे।
इसकी जानकारी मिलने पर परिवर्तन हेल्थ एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष धीरज कुमार ने परिजनों से संपर्क किया। बातचीत में पता चला कि मरीज के दो पुत्र हैं—बड़ा पुत्र लीवर की बीमारी से ग्रसित होने के कारण रक्तदान करने में असमर्थ है, जबकि छोटा पुत्र मात्र 13 वर्ष का है, जिस कारण वह भी रक्तदान नहीं कर सकता था।
परिस्थिति को देखते हुए धीरज कुमार स्वयं आगे आए और आवश्यक ओ पॉजिटिव रक्तदान कर मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
रक्तदान के पश्चात समाजसेवियों एवं संस्था पदाधिकारियों ने धीरज कुमार के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। शुभकामनाएं देने वालों में कार्यकारिणी अध्यक्ष एडवोकेट रमेश श्रीवास्तव, सचिव लोकेंद्र दास, कोषाध्यक्ष कीर्ति अहिरवार, प्रवक्ता मुकेश तिवारी, विशेष सलाहकार डॉ. बृजेश कुलपारिया, पत्रकार महेंद्र आठ्या, मनोज पटेल, शिक्षक लखनलाल अहिरवार, शिक्षिका दमयंती अहिरवार तथा महामाया रक्तदान समिति के अध्यक्ष अखिलेश रजक सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।



