उमरियापान में श्रद्धा और स्नेह के साथ मनाया गया भाईदूज पर्व, बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाईदूज पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया । इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया ।
सुबह से ही घरों में भाईदूज पर्व को लेकर बहनों ने पूजा की थाली सजाई, जिसमें रोली, चावल, दीपक और मिठाइयां रखी गईं । बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा स्वस्थ जीवन की कामना की । इस दौरान भाइयों ने भी बहनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें उपहार भेंट किए ।
भाईदूज के इस पावन अवसर पर परिवारों में खुशियों का माहौल बना रहा ।
भाईदूज का पर्व भाई-बहन के रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाने का पर्व है । उमरियापान सहित आसपास के गांवों में भी यह पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया ।
पर्व के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की महत्ता को याद किया ।



