भरभराकर गिरा नयागांव पुलः 2 बाइक समेत 4 लोग नीचे गिरे

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने नयागांव पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया गया
सभी घायल; बरेली-पिपरिया रोड बंद, मजदूरों ने भागकर बचाई जान
बरेली । सोमवार को रायसेन जिले के बरेली पिपरिया मार्ग (स्टेट हाईवे) पर स्थित नयागांव पुल अचानक ढह गया। इस हादसे में पुल के ऊपर से गुजर रहीं दो मोटरसाइकिलें नीचे जा गिरीं, जिससे उन पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बरेली के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुल टूटने के कारण बरेली-पिपरिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में एक मोटरसाइकिल पर जैत जिला सीहोर के निवासी सवार थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर बरेली के धोखेड़ा निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार सहित स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि पुल के नीचे निर्माण कार्य चल रहा था, जहां कई मजदूर काम कर रहे थे। पुल को ढहते देख मजदूरों ने तुरंत वहां से भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि मजदूर समय रहते हट गए, वरना जनहानि अधिक हो सकती थी।
रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया की पुल 80 से 90 दशक का है। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए बरेली के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। बाकी वह खुद मौके पर पहुंच रहे हैं और घटना की जानकारी ले रहे हैं।
इस घटना को एमपीआरडीसी की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। पुल के अचानक गिरने से ग्रामीणों में रोष है। पुलिस और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल रूट बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नयागाँव में पुल गिरने की घटना में घायल हुए लोगों को देखने के लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बरेली शासकीय चिकित्सालय पहुँचे।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सभी घायलों की स्थिति की जानकारी ली, आवश्यक उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं चिकित्साकर्मियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने घायलों एवं उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के साथ नयागांव पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया गया।




