बिजली गुल, अंधेरे में ग्रामीण, आए दिन जल रहा ट्रांसफार्मर

आधा गांव अंधेरे में, बिजली विभाग चैन की नींद सो रहा
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
सिलवानी । क्षेत्र के 33/11 केवी उप केंद्र सियरमऊ के अंतर्गत ग्राम सियरमऊ में आए दिन ट्रांसफार्मर जल रहे हैं । ग्राम में ट्रांसफार्मर चार दिन से जला है। जिससे आधा गांव अंधेरे में है। बच्चों की परीक्षाएं चल रही है, बिजली ना होने से पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है । इसके बावजूद विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ट्रांसफार्मर को न बदले जाने को लेकर ग्रामीणों का रोष गहराता जा रहा है। सियरमऊ गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग की तरफ से लगभग 21 दिन पहले 2 नए ट्रांसफार्मर अभी लगाए गए थे, जिनमे से एक ट्रांसफार्मर 4 दिन पहले जल गया। कुछ दिन पहले ही दोनो ट्रांसफार्मर लगाये गये थे। ग्राम में दर्जनों घर अंधेरे में डूब गए है। ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग को दी थी। बावजूद इसके मीडिया में खबर जाने तक उसे बदला नहीं गया। बिजली के अभाव में एक तरफ जहां लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं, वहीं पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जिन लोगों ने इनवर्टर लगा रखा है, उसकी बैट्री चार्ज न होने से शोपीस बन गई हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों की पढ़ाई को लेकर हो रही है।



