विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । तहसील विधिक सेवा समिति अध्यक्ष केएस शाक्य द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में विवेक शिवहरे प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वारा युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना को प्रेरित करने और देश व समाज के विकास में महती भूमिका निभाने हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से एवन कान्वेंट मिडिल स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर अंतर्गत उपस्थित बच्चों को श्री शिवहरे द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि युवा दिवस प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए सबसे बड़े प्रेरणास्रोत थे। युवा वह होते हैं जो देश का भविष्य बदलने की क्षमता रखते हैं, इनके अंदर नेतृत्व करने की क्षमता होती है ।
श्री शिवहरे द्वारा बच्चों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शो पर चलने एवं उनकी जीवन गाथा को पढ़कर उससे शिक्षा लेने के साथ ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया ।
वर्तमान समय में मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के बारे में बच्चों से चर्चा करते हुए श्री शिवहरे द्वारा बच्चों को केवल ज्ञान प्राप्त करने के लिए एवं पढ़ाई से संबंधित चीजों के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करने हेतु सलाह दी गई एवं मोबाइल फोन के दुरुपयोग के बारे में भी विस्तार पूर्वक समझाइश दी गई।
शिविर में शाला प्राचार्य शिवकांत विश्वकर्मा, शाला शिक्षक गण व विद्यार्थी गण उपस्थित रहे।



