मध्य प्रदेश

महाविद्यालय में दौड़ एवं व्याख्यान माला आयोजित

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पं दीनदयाल उपाध्याय शा. महाविद्यालय में मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एकता दौड़ का आयोजन प्राचार्य कल्पना जांभुलकर एवं राकेश कनेल सहायक प्राध्यापक के नेतृत्व में किया गया। जिसमें महाविद्यालय के छात्र और छात्राओं ने सहभागिता कर एकता का संदेश दिया। स्थापना दिवस पर व्याख्यान माला का आयोजन भी किया गया जिसमें मुख्य वक्ता केके साहू ने अपने व्याख्यान में कहा कि मध्य प्रदेश समृद्धशाली प्रदेश है। मध्य प्रदेश ने डॉ. अंबेडकर, पं. रविशंकर शुक्ल, डॉ. राहत इंदौरी, हरिशंकर परसाई जैसी प्रतिभाएं दी हैं। प्रदेश की सीमाऐं पांच राज्यों की सीमाओं से मिलती हैं। इसके उत्तर में उत्तर प्रदेश, पूर्व में छत्तीसगढ़, दक्षिण में महाराष्ट्र, पश्चिम में गुजरात तथा उत्तर-पश्चिम में राजस्थान है। भारत की संस्कृति में मध्यप्रदेश जगमगाते दीपक के समान है, जिसकी रोशनी की सर्वथा अलग प्रभा और प्रभाव है। यह विभिन्न संस्कृतियों की अनेकता में एकता का जैसे आकर्षक गुलदस्ता है,
वक्ता डीके अहिरवार ने अपने व्याख्यान में कहा कि हमारा मध्य प्रदेश कई क्षेत्रों में नंबर 01 है। हाल ही में डॉक्टर की पढ़ाई हिन्दी में शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है ।
प्राचार्य कल्पना जाभुंलकर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा मध्यप्रदेश, जिसे प्रकृति ने राष्ट्र की वेदी पर जैसे अपने हाथों से सजाकर रख दिया है, जिसका सतरंगी सौन्दर्य और मनमोहक सुगंध चारों ओर फैल रहे हैं। यहां के जनपदों की आबोहवा में कला, साहित्य और संस्कृति की मधुमयी सुवास तैरती रहती है। यहां के लोक समूहों और जनजाति समूहों में प्रतिदिन नृत्य, संगीत, गीत की रसधारा सहज रूप से फूटती रहती है। यहां का हर दिन पर्व की तरह आता है और जीवन में आनंद रस घोलकर स्मृति के रूप में चला जाता है। इस प्रदेश के तुंग-उतुंग शैल शिखर विन्ध्य-सतपुड़ा, मैकल-कैमूर की उपत्यिकाओं के अंतर से गूंजते अनेक पौराणिक आख्यान और नर्मदा, सोन, सिंध, चंबल, बेतवा, केन, धसान, तवा नदी, ताप्ती, शिप्रा, काली सिंध आदि सर-सरिताओं के उद्गम और मिलन की कथाओं से फूटती सहस्त्र धाराएं यहां के जीवन को आप्लावित ही नहीं करतीं, बल्कि परितृप्त भी करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार डॉ. राजा चौहान ने व्यक्त किया किया।

Related Articles

Back to top button