मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद पुलिस आई हरकत में नशा करके वाहन चलाने वालों पर की ताबड़तोड़ कार्रवाई
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । गत 12 अक्टूबर को प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाते हुए अपराधियों खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा एसडीओपी सुनील कुमार वरकडे के निर्देश पर थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने अपराधियों और नशे के खिलाफ अभियान छेड़ते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर नशे की हालत में बाइक चलाते पाए जाने पर रवि शंकर पुत्र मुन्नालाल 27 वर्ष निवासी गोपालपुर, विजय सिंह पुत्र दुर्ग सिंह लोधी 53 वर्ष निवासी जैसीनगर पर शराब पीकर वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया न्यायालय ने प्रत्येक पर दस दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। वहीं एक अन्य मामले में पप्पू पुत्र परसराम गौर 40 वर्ष निवासी खिरिया सकुल राय को भी नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़कर प्रकरण कायम कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। साथ ही हाट बाजार में अनाउंस के माध्यम से सूचना देकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को चेतावनी भी दी है कि वह नशे की हालत में यदि वाहन चलाते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है क्योंकि अधिकतर दुर्घटनाएं नशे की हालत में ही होना सामने आ रही हैं।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने पर 13 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है तथा अवैध रूप से गांजा विक्रय करने या उसका उत्पादन करने वालों पर भी पांच प्रकरण कायम किए है इसी तरह सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पीने वाले 5 लोगों पर धारा 36 बी के तहत प्रकरण कायम कर कार्रवाई की है। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशे का व्यापार करने वालों सहित नशे की हालत में वाहन चलाने एवं सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि सुरक्षित जीवन के लिए जरूरी है कि लोग बिना नशा किए हुए वाहन चलाएं यदि इसका उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी वहीं सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।



