मध्य प्रदेश

मूंग खरीदी कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने जिला प्रशासन सख्त, मूंग खरीदी कार्य में अनियमितता करने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई

सहकारिता, कृषि तथा मार्कफेड अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा मूंग उपार्जन केन्द्रों का किया जा रहा है निरीक्षण, वेयरहाउस गढ़ी, बनगवां के वेयरहाउस में किसानों की मूंग ट्रालियां मोटा लेनदेन के बाद भी तुलाई की शिकायतें मिली
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। जिले के दर्जनों मूंग खरीदी केंद्रों पर किसानों से सेवाशुल्क लेकर ही मूंग ट्रालियां तुलाई करने की शिकायतें मिली है। इस मामले की शिकायतें जिला विपणन संघ के डीएम नीरज कुमार भार्गव, कलेक्टर अरविंद दुबे को किसानों ने आवेदन देकर की हैं।बनगवां एसआर वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी की जा रही है। किसानों ने बताया पैमत सोसाइटी प्रबन्धक कैलाश गौर और कम्प्यूटर ऑपरेटर बड़े किसानों की मूंग की ट्रालियां बिना लेनदेन के तौली नहीं जा रही है। इसी तरह वेयरहाउस गढ़ी में भवानी सिंह की उपस्थिति में किसानों की मूंग तुलाई की जा रही हैं।यहां मूंग की तुलाई भी बिना लेनदेन के तौल करना मुमकिन नहीं होता।गैरतगंज के विपणन अधिकारी वी सक्सेना की इसमें मिलीभगत जगजाहिर है। यहां यूपी से मूंग खरीदी कर वेयरहाउस गढ़ी में तुलाई कराना जनचर्चा बनीं हुई है। किसानों ने इस घालमपेल की जांच कराए जाने की मांग कलेक्टर अरविंद दुबे जिला विपणन अधिकारी नीरज भार्गव से की है।
वर्तमान में जिले में निर्धारित उपार्जन केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा सहकारिता विभाग, कृषि विभाग तथा मार्कफेड के अधिकारियों को उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर उपार्जन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने मप्र शासन के निर्देशानुसार एफएक्यू गुणवत्ता की ही मूंग खरीदी सुनिश्चित कराने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर अरविन्द दुबे के निर्देशानुसार उपायुक्त सहकारिता जिला रायसेन पुष्पेन्द्र सिंह कुशवाह, उप संचालक कृषि एनपी सुमन तथा जिला विपणन अधिकारी मार्कफेड नीरज भार्गव द्वारा संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न मूंग खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित कन्हवार के आवंटित मूंग खरीदी केन्द्र कन्हवार साहू वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर उपायुक्त सहकारिता पुष्पेन्द्र कुशवाह के निर्देश पर समिति के प्रशासक अनुराग भल्ला द्वारा केन्द्र प्रभारी प्रदीप पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही जिला विपणन अधिकारी श्री भार्गव द्वारा सर्वेयर गोपाल सिंह को बर्खास्त करने के लिए नेफेड को लिखा गया है।
इसके उपरांत अधिकारियों द्वारा मोकलवाडा स्थित मूंग खरीदी केन्द्र मोरई वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान देखा गया कि सर्वेयर द्वारा रिजेक्ट किए गए नॉन एफएक्यू मूंग की किसानों द्वारा जबरदस्ती तुलाई कराने का प्रयास किया जा रहा था। सर्वेयर द्वारा मना करने पर किसानों द्वारा उसके साथ झूमाझटकी की गई, जिसके कारण सर्वेयर ने अपनी सेवा से त्याग पत्र दे दिया है। मूंग खरीदी केन्द्र शिवांश वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा वेयरहाउस मालिक को निर्देश दिए गए कि मूंग खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता ना होने पाए तथा खरीदी कार्य समय पर पूर्ण किया जाए।
इसी प्रकार मूंग खरीदी केन्द्र दिवा वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि 3500 क्विंटल मूंग बिना एसएमएस के तुलाई की गई है। जिसके लिए उपायुक्त सहकारिता कुशवाह द्वारा समिति प्रबंधक को कड़ी चेतावनी दी गई तथा ऑपरेटर को किसानों के बिल समय पर नहीं बनाने के कारण निलंबित करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि जिले में शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप मूंग खरीदी कार्य सुनिश्चित कराने के लिए विगत सात दिवसों में जिला विपणन अधिकारी भार्गव तथा अन्य अधिकारियों द्वारा लगातार मूंग खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए 103 ट्रालियों का ऑनलाईन रिजेक्शन किया गया है। प्रशासन द्वारा एफएक्यू मूंग ही खरीदने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button