खाना बनाते समय महिला पर जेठ ने किया कुल्हाड़ी से हमला
सिलवानी । पुलिस चौकी जैथारी क्षेत्र के आदिवासी अंचल के ग्राम पोंडी खमरिया में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला पर उसके ही जेठ ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीड़िता प्रीति ठाकुर पत्नी मुकेश ठाकुर उम्र 27 साल ने बताया कि वह घर के आंगन में खाना बना रही थी तभी जेठ महेश ठाकुर वहां आया और उल्टी-सीधी बातें करने लगा। जब उसने विरोध किया और गालियां देने से मना किया तो महेश ने हाथ में रखी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में प्रीति के पीठ दाहिने पैर की जांघ और बाएं हाथ की छोटी उंगली में चोटें आईं जिससे खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर जेठानी ममता और ससुर बडेवीर ठाकुर ने बीच बचाव किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी महेश जाते जाते धमकी भी दे गया कि थाने रिपोर्ट करने गई तो जान से खत्म कर दूंगा।
घटना के बाद प्रीति ने अपने भाई संतोष कुमार को फोन किया और पिता थम्मन सिंह के साथ सिलवानी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित युवती का सिविल हॉस्पिटल सिलवानी में इलाज कराया और आरोपी महेश ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



