श्रीमद् भगवत कथा का आयोजन 20 अगस्त से, सिमरिया में बहेगी भक्ति की अमृतधारा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा के समीपवर्ती ग्राम सिमरिया में भगवान श्रीकृष्ण की अमृतमयी कथा श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 20 अगस्त से 26 अगस्त तक किया जा रहा है । सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध भागवताचार्य पूज्य मानवेन्द्र प्रसाद शास्त्री जी द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा ।
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा । कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, उनके आदर्श चरित्र तथा भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के महत्व का सुंदर वर्णन किया जाएगा । भागवताचार्य द्वारा श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने, सद्कर्म करने तथा जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।
भगवान की कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को अपने जीवन में प्रेम, करुणा, संयम, सत्य और सदाचार जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा प्राप्त होगी।
समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सिमरिया पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने तथा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की है । आयोजकों ने कहा कि भागवत कथा के सात दिनों तक सिमरिया में भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म की अमृतधारा बहेगी, जिसका सभी श्रद्धालु लाभ उठाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें ।



