खेल

वन विभाग द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में कस्वा चौका की टीम विजयी

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सामान्य वन परिक्षेत्र अंतर्गत म.प्र. शासन वन विभाग द्वारा वन अग्नि सुरक्षा जागरूकता हेतु क्रिकेट लीग का आयोजन विगत 1 फरवरी से ग्रामीण क्षेत्रों में वन समितियों की टीमों के बीच लगातार किया गया जिसमे फाइनल मैच मंगलवार को ग्राम वन समिति कस्वा चौका और वन सुरक्षा समिति भुरेरु के बीच खेला गया जिसमें ग्राम वन समिति कस्वा चौका की टीम विजयी रही। फाइनल मैच में भूरेरु की टीम 10 ओवर में 119 रन बनाकर ऑल आउट हो गई लक्ष्य का पीछा करने कस्बा चौका की टीम मैदान में उतरी जिसने 4 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम वन परीक्षेत्र अधिकारी अरविंद अहिरवार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया जिसमें ग्राम वन समितियों के अध्यक्ष, सदस्य गण उपस्थित रहे ।
इस अवसर पर वन परीक्षेत्र अधिकारी अरविंद अहिरवार ने उपस्थित सभी को वनों को आग से बचाने के लिए प्रेरित किया और ग्रामीणों को जंगल का महत्व बताते हुए कहा कि वन राष्ट्र का एक महत्वपूर्ण संसाधन है तथा राष्ट्र हित में यह आवश्यक है कि वनों की सुरक्षा की जाये । वनों से अनेकानेक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ है । वनों से कई प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ है जैसे – ऊर्जा- स्रोत उद्योगों हेतु कच्चे माल की पूर्ति, रोजगार के अवसरों का सृजन तथा पर्यटन विकास । परन्तु वनक्षेत्रो के घटने के कारण वर्तमान में इसके अप्रत्यक्ष लाभ, प्रत्यक्ष से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं ।
वनों से प्राकृतिक संतुलन बना रहता है, बाड़ तथा सूखे पर नियंत्रण रहता है, मृदा-क्षरण रूकता है तथा पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रित रहता है। वनों के उपरोक्त महत्वों के कारण वनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है ।
वनों के विनाश के कई कारण गिनाए जा सकते हैं जिनका मुख्य रूप से जिम्मेदार मनुष्य है। वनों के विनाश के पीछे मुख्य कारण बढ़ती जनसंख्या का दबाव और बढ़ते पशुधन की आवश्यकता है। वन हमारे दैनिक जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। अत: वनों से हम लेते तो बहुत कुछ हैं पर वनों को देते बहुत कम है। जितने वन काटते हैं उस अनुपात में वृक्षारोपण और संरक्षण का प्रयास नहीं होता है। परिणामस्वरूप वन क्षेत्र का निरन्तर ह्यस होता जा रहा है। इसलिए आज हम संकल्प लें कि हम हर प्रकार से वनों एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा करेंगे। कार्यक्रम में विजेता कस्बा चौका तथा उपविजेता भुरेरु की टीम को पुरुस्कार का वितरण किया गया ।
कस्बा चौका एवं भुरेरु के ग्राम वासियों ने वन विभाग का आभार जताया एवं उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन होते रहना चाहिए जिससे ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अपने हुनर का एक उचित मंच पाकर प्रदर्शन कर सके और अपने गांव का नाम रोशन कर सके।
‌ पुरस्कार वितरण एवं प्रतियोगिता समापन कार्यक्रम विशेष रूप से वनपरिक्षेत्र अधिकारी अरविंद अहिरवार, डिप्टी रेंजर एसएल डाबर, वनपाल प्रदीप लोधी, वनरक्षक सद्दाम खान, शरद शर्मा, मुकेश चौरसिया, दिलीप दुबे, विकास साहू, प्रताप सिंह ग्रेवाल, शरद शर्मा के अथक प्रयासों से सफल हो पाया।

Related Articles

Back to top button