विधायक पहुंचे गोरा टेकरी, गोवर्धन पूजा कर मोनियों का किया सम्मान, बच्चों ने उठाया मेले का लुत्फ
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । दीपावली के तीसरे दिन टप्पा सुल्तानगंज से 7 किलोमीटर दूर स्थित रेहमा गांव के समीप गोरा टेकरी पर बुधवार को क्षेत्रीय विधायक रामपाल सिंह राजपूत नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्रसिंह ठाकुर और ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह यादव दोपहर करीब 3 बजे पहुंचे और गोवर्धन मंदिर में भगवान गोवर्धन की पूजा अर्चना की इसके उपरांत विधायक रामपालसिंह राजपूत ने मेला में आए लोगों को संबोधित करते हुए गोरा टेकरी की महिमा का बखान किया साथ ही भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों के द्वारा जनहित की योजनाओं के बारे में बताया । मेले में आए दर्जनों ग्रामों के सैकड़ों मोनियों का विधायक ने फूल माला पहनाकर और श्रीफल देकर सम्मान किया।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओ ने फूल मालाओं से विधायक श्री सिंह का भी स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता नत्थूसिंह ठाकुर बेरखेड़ी, बीबी तिवारी, शिवराजसिंह राजपूत गोरखी, मलखानसिंह यादव ढिलवार, बलराम सिंह ठाकुर बिचोली पिपलिया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जगन्नाथसिंह यादव, रामसिंह राजपूत कुंडा, अजबसिंह राजपूत रहमा, डॉक्टर जयकुमार जैन, जनपद सदस्य जयपालसिंह ठाकुर, युवा नेता डेलनसिंह ठाकुर कुंडा, सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे
मेला सुबह से शुरू हो गया। आसपास के कई गांवों से आए बरेदी और मौनी बाबा ने मंदिर में पूजा- अर्चना के साथ नृत्य किया, नृत्य देखने दर्शक उमड़ पड़े। लोगों ने अपने परिजनों के साथ मेला परिसर और मंदिर के आसपास पिकनिक का आनंद लिया। मेले में बुंदेली संस्कृति की छलक दिखी। मुंह में चारा और हाथों में मोर पंख लिए दूर दराज के गांवों के मौनिया सड़कों पर दौड़ते हुए निकले। गांवों की मेड़ छूकर मेले में नृत्य किया। बरेदी की वेशभूषा में कई छोटे बच्चे, युवा और वृद्घ मेले में पहुंचे और उत्साह एवं उमंग से नृत्य किया।
मेले में बच्चे रंग-बिरंगे खिलौने और झूला देख खुशी से चहक उठे। किसी ने खिलौने देखे और वापस दुकान पर रख दिए तो कई ने अपनी मां से उसे खरीदने की जिद पूरी कराई। मेले में यह सिलसिला देर शाम तक चला। शाम को जब बच्चे अपनी मां के साथ मेले से घर की ओर जा रहे थे तो उनके हाथों में फुग्गे, चकरी, कार सहित तरह-तरह के खिलौने थे।
दीपावली पर इस तरह के मेले सुल्तानगंज, सियरमऊ एवं सिलवानी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होते हैं।



