मुख्यालय से लापता हुआ सचिव फिर भी थमा दी दो पंचायतों की बागडोर

सचिव धनेंद्र मिश्रा की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल, सिहोरा बनाया आशियाना
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा जनपद की दो पंचायतों की बागडोर संभाल रहे सचिव धनेंद्र मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में बने हुये है। सूत्रों ने बताया कि सचिव धनेंद्र मिश्रा बरही और खंदवारा में पदस्थ है इसके बाद भी लगातार मुख्यालय से नदारद रहते है और मुख्यालय से बाहर अन्यंत्र सिहोरा जिला जबलपुर में निवास कर रहे है। सिहोरा में निवास करने के कारण लगातार उपरोक्त सचिव दोनों पंचायतों से लगातार अनुपस्थिति रहते है और इनके द्वारा काम करने के लिये प्राईवेट व्यक्तियों को पंचायतों में रखा गया है और धनेंद्र मिश्रा दूसरे कार्यों में व्यस्त रहते है। विदित हो कि नवागत कलेक्टर ने जैसे ही पदभार ग्रहण किया था उसके बाद उनके द्वारा कर्मचारियों सहित अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई थी कि काम में लापरवाही नहीं बरते और किसी भी हाल में मुख्यालय नहीं छोड़े लेकिन सचिव धनेंद्र मिश्रा कलेक्टर के आदेश को भी नहीं मानते है और मनमानी करते हुये सिहोरा में निवास कर रहे है उनके इस कार्य के कारण आमजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विवादों से गहरा नाता
उल्लेखनीय है कि सचिव धनेंद्र मिश्रा जिस भी पंचायत में रहे है उनका विवादों से गहरा नाता रहा है और उनके द्वारा मनमानी करते हुये शासन के द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में जमकर पलीता लगाया गया है। इनके इस कृत्य के कारण धनेंद्र मिश्रा को काफी विरोध भी हुआ था। इन सब बातों को दरकिनार करते हुये तथाकथित अधिकारियों ने एक बार फिर से उक्त विवादित सचिव को दो पंचायतों की जिम्मेदारी सौंप दी है।



