शादी का झांसा देकर नाबालिक को भगाने एवं शारीरिक शोषण करने वाला नईदिल्ली से गिरफ्तार
तीन बच्चों का पिता आरोपी और दो बच्चों का पिता सह आरोपी, नाबालिक को फंसाया प्यार के जाल में
सिलवानी। सिलवानी थाना अंतर्गत एक नाबालिक लड़की से तीन बच्चों के पिता ने पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया और बात बन जाने पर उसे मिलने के बहाने सिलवानी के पास बुलाआ और अपने दोस्त की कार से भोपाल पहुंचकर वहां से ट्रेन से नईदिल्ली लेकर पहुंचा, और वहां किराये के मकान में रखकर उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस को मुखबिर की सूचना पर नाबालिक लड़की और आरोपी को नईदिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 23 को ग्राम खमरिया मानपुर के 15 वर्षीय पीड़िता के पिता ने सिलवानी थाने में आकर बताया उसकी लड़की को कोई लड़का भगाकर ले गया है। लड़की नाबालिक होने के कारण थाना प्रभारी भारतसिंह ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक विकासकुमार शाहबाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीना, एसडीओपी राजेश तिवारी को दी और फरियादी की रिपोर्ट पर भादवि की धारा 363 एवं पास्को एक्ट में प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया। वहीं मामले को गंभीरता से देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहबाल ने पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था।
विवेचना के दौरान सायबर सेल एवं मुखबिरों से लगातार संपर्क करने के दौरान 20 मार्च को आरोपी को नईदिल्ली के निजामउद्दीन स्टेशन के पास होने की सूचना मिलने पर उप निरीक्षक आरती धुर्वे एवं प्रधान आरक्षक योगेन्द्रसिंह राजपूत को नईदिल्ली रवाना हुई और नईदिल्ली के निजामउद्दीन स्टेशन पहुंची और अक्षरधाम चौराहा के समीप काले खां मेट्रो स्टेशन के पास उसके मकान में दबिश दी। जहां से नाबालिक लड़की और आरोपी को गिरफ्तार कर सिलवानी थाने लाया गया।
पूछताछ एवं विवेचाना में आरोपी अजयकुमार जोशी पिता भरतकुमार जोशी उम्र 30 साल निवासी वार्ड 3 इंदिरा आवास कालोनी के विरुद्ध भादवि की धारा 376 की बढ़ौतरी कर न्यायालय पेश किया गया न्यायालय ने जेल भेज दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अजयकुमार जोशी ने अपने को कुंवारा बताकर प्यार का इजहार किया था जिससे वह उसकी बातों में आकर 25 फरवरी अपने गांव से उसके दोस्त मोनू ठाकुर की कार से सिलवानी आ गई और कार में सिलवानी के जुनियापुल से अजय जोशी साथ में लेकर भोपाल ले गया। भोपाल से वह और अजय जोशी ट्रेन में सवार नईदिल्ली पहुंचे जहां किराये मकान में रहने लगे। पीड़िता ने यह भी बताया कि अजय के साथ मोनू ठाकुर की उस पर गलत नियत थी। पीड़िता ने बताया कि बाद में ज्ञात हुआ कि आरोपी अजय जोशी तीन बच्चों का पिता एवं सह आरोपी मोनू ठाकुर दो बच्चों का पिता है।
थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि इस मामले में सह आरोपी दुर्गेश उर्फ मोनू ठाकुर निवासी वार्ड 01 जमुनियापुरा सिलवानी उम्र 30 साल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।





