सूअर को बचाने के चक्कर में इनोवा पुलिया में गिरी, दो की मौत चार गंभीर रेफर

दामाद ससुर का इलाज कराने छतरपुर से भोपाल ले जा रहा था
वृद्ध पति-पत्नी दोनों की मौत, पुत्र गंभीर घायल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज से बड़ी खबर सूअर को बचाने के चक्कर में सुबह करीब 4 बजे इनोवा कार दो बिजली के खम्बो के बीच में से निकलती हुई करीब 12 फीट नीचे पुलिया में जाकर गिरी जिसमें एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि एक वृद्ध महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं चार घायल हो गए। सूचना पर 108 एंबुलेंस स्टाफ पायलट मो. फीरोज ईएमटी रामपाल लोधी, रविशंकर शाक्य राजेश लोधी द्वारा आधा घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद घायल मरीजों को निकालकर सिविल अस्पताल ले जाया गया।
आपको बता दें कि पिपलानी भोपाल निवासी लखन पुत्र बाबूलाल उम्र करीब 40 वर्ष अपने साड़ू मुकेश पुत्र दिव्या हरिजन 42 साल खजूरी कला भोपाल के साथ इनोवा गाड़ी क्रमांक एमपी 04 सीएल 6245 से छतरपुर गए थे जहां से वह अपने ससुर बिहारी लाल महोबिया का इलाज कराने के लिए रात 11 बजे भोपाल के लिए रवाना हुए उनके साथ साडू भाई का लड़का संजीव पुत्र रमेश नरवारिया 21 साल निवासी पिपलानी भोपाल, साला विष्णु पुत्र बिहारी लाल महोबिया 21 साल निवासी केशव सागर तालाब छतरपुर एवं सास बरली बाई उम्र करीब 55 वर्ष साथ थे।
सुबह करीब 4 बजे बेगमगंज के चकला नाले से आगे एक सूअर अचानक सामने आ जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पुलिया में करीब 12 फीट नीचे गिर गई।
घटनास्थल पर ही बिहारी लाल महोबिया की मौत हो गई वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी पत्नी बरली बाई की भी मौत हो गई शेष चारों के हाथ पैर कमर आदि में गंभीर चोटें आने के कारण दो एंबुलेंस की मदद से भोपाल रेफर किया गया है।
सूचना पर उप निरीक्षक संदीप पवार अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई उपरांत दोनों शवों को मर्चुरी भवन में रखवाया गया है ताकि उनका पीएम कराया जा सके।



