सचिव की करसतानी से त्रस्त है पंचायत, बिना काम धड़ाधड़ लग रहे फर्जी बिल

सरपंच-उपसरपंच, पंचों ने कलेक्टर से की शिकायत
काम का पता नहीं और निकल गई 6 लाख की राशि
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत पिपरिया सहलावन में पदस्थ सचिव की कार्यप्रणाली से सरपंच, उपसरपंच, पंच तथा ग्रामवासी त्रस्त है। सचिव के द्वारा मनमाने तरीके से फर्जी बिल लगाकर राशि आहरित की जा रही है और जनता द्वारा निर्वाचित हुये सरपंच को किनारे कर अपने मन से पंचायत का संचालन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय रहे कि इस संबंध में दिनांक 20 फरवी को कलेक्टर जनसुनवाई में पिपरिया सहलावन ग्राम पंचायत के सरपंच मिरखूलाल कोल, उप सरपंच द्रोपती बाई कुम्हार एवं सभी पंचों के द्वारा लिखित में शिकायत दी गई है। तत्संबंध में इनके द्वारा कलेक्टर को बताया गया कि ग्राम पंचायत पिपरिया सहलावन में पदस्थ सचिव अनिल दीक्षित पंचायत में मनमानी की जा रही है, फर्जी बिल लगाये जा रहे है। सचिव की कार्यप्रणाली से त्रस्त सरपंच ने शिकायत में बताया कि मेरी बिना जानकारी के बिल लगाये जाते है और जब मेरे द्वारा सचिव से जानकारी मांगी जाती है तो उसके द्वारा यह कहा जाता है कि तुम सिर्फ हस्ताक्षर करों, तुम्हारा कोई काम नहीं है। इस तरह से पिपरिया सहलावन पंचायत में सरपंच, उप सरपंच और पंचों की जानकारी के बिना ही सचिव के द्वारा शातिर तरीके से 6 लाख रूपये आहरित कर लिये गये है जबकि अभी पंचायत में ज्यादा काम हुये ही नहीं है।
फर्जी दुकानदारों के लगे रहे बिल
इस संबंध में शिकायतकर्ताओं ने बताया कि सचिव के द्वारा अपनी जान, पहचान के दुकानदारों के यहां से बिल लगाये जा रहे है, कई ऐसे दुकान वाले भी है जिनका उक्त व्यवसाय से कोई लेना देना नहीं है। दुकानदारों के द्वारा अपने खातें नम्बर लगाकर राशि आहरित कर ली जाती है बाद में उक्त राशि का बंदरबांट कर लिया जाता है।
आदिवासी होने का उठा रहा फायदा
सचिव अनिल दीक्षित की कार्यप्रणाली से दुखित सरपंच ने शिकायत में बताया कि मैं आदिवासी हूं जिस कारण से इसके द्वारा मेरे आदिवासी होने का फायदा उठाया जा रहा है और मनमानी पर उतारू है। कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुये सरपंच, उप सरपंच और पंचों ने मांग की है कि ऐसे भ्रष्टाचारी सचिव को तत्काल हमारी पंचायत से हटाया जावे और किसी किसी अन्य सचिव की यहां पर पदस्थापना की जावे।
इस संबंध में शिशिर गेमावत सीईओ, जिला पंचायत कटनी का कहना है कि तत्संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के लिये जल्द ही टीम का गठन किया जायेगा, जो भी सत्यता आयेगी उसके अनुसार आगामी कार्यवाही की जायेगी।



