कृषिमध्य प्रदेशराजनीति

किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

किसानों ने ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग भी
चार सूत्रीय मांगों में ऋण तिथि बढ़ाने सोयाबीन आयात रोकने और फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग
सिलवानी। गुरुवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हर्षल चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बढ़ती महंगाई खेती की लागत में वृद्धि और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई।
ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस एवं जनपद सदस्य राजीव रघुवंशी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में किसान दोहरी मार झेल रहा है। एक और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है वहीं दूसरी और उपज का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ रहा है। ज्ञापन में किसानों ने चार प्रमुख मांगें रखीं। इसमें सोसायटी में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 से बढ़ाकर 31 मई 2026 करने की मांग की गई ताकि किसान शून्य प्रतिशत ब्याज का लाभ ले सकें। इसके अलावा अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के तहत सोयाबीन खाद्य तेल के टैक्स फ्री आयात पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई जिससे देशी किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
किसानों ने ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग भी उठाई। वहीं सिलवानी नगर के मुख्य मार्ग पर फल सब्जी विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान आवंटित करने की मांग की गई ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और छोटे व्यापारियों को भी सुविधा मिल सके।
इस दौरान जनपद सदस्य प्रतिनिधि धीरज पटेल सिलवानी नगर अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा आईटी सेल विधानसभा अध्यक्ष दीपक धाकण प्रिंस कुमार हरिशंकर राय दलसिंह गोर रामलाल उईके जिया उल्ला खान राजीव धाकड़ राजेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button