घूसखोरी में निलंबित, फिर उसी तहसील में भेजा

रिपोर्टर : विनोद साहू
बाड़ी । तहसील कार्यालय में जिस रीडर को रिश्वतखोरी एवं कृषकों से अभद्र व्यवहार करने पर निलंबित किया गया था उसे लूप लाइन में भेजने की बजाय पुनः उसी तहसील में पदस्थ कर दिया गया। यह चमत्कार कलेक्टर के तबादले के बाद हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय बाड़ी के टप्पा सर्किल में पदस्थ सहायक ग्रेड -3 रीडर को बिना लेन-देन किए कार्य नहीं करने तथा कृषकों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतों पर कलेक्टर अरविंद दुबे ने 5.11.2024 को निलंबित कर दिया था। निलंबन काल में निलंबित रीडर का मुख्यालय बरेली तहसील कार्यालय नियत किया गया था कलेक्टर अरविंद दुबे के स्थानांतरण के बाद निलंबित रीडर को बहाल करते हुए सिलवानी तहसील कार्यालय में पदस्थ किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनीतिक दबाव और दक्षिणा के बलबूते उक्त दागदार रीडर को हाल ही में पुनः बाड़ी तहसील कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया। अनुकंपा नियुक्ति उक्त रीडर स्थानीय निवासी हैं । पूर्व में भी उक्त रीडर ने तहसील कार्यालय बाड़ी में पदस्थ किए गए अन्य रीडर को ले-देकर हटवा कर अपनी पदस्थापना बाड़ी तहसील कार्यालय में करवा ली थी।
बाड़ी तहसील का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मौजूदा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बरेली ने कार्य में लापरवाही करने, राजस्व प्रकरणों को अनावश्यक लंबित रखने , पंजी संधारण नहीं करने पर उक्त रीडर को जमकर फटकार लगाई थी।तथा कड़ी चेतावनी भी दी थी । अब उसी रीडर को पुनः बाड़ी तहसील कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह कमाल कलेक्टर के स्थानांतरण आदेश के बाद हुआ हैं।




