कृषि

समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन 14 अक्टूबर तक

पंजीयन केन्द्रों के अलावा किसान मोबाईल एप तथा एमपी ऑनलाईन से भी कर सकते हैं पंजीयन
रायसेन ।
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान एवं बाजरा उपार्जन के लिए मप्र शासन द्वारा किसान पंजीयन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिले में धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन के लिए 23 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इन पंजीयन केन्द्रों पर 15 सितम्बर से 14 अक्टूबर तक प्रातः 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक शासकीय कार्य दिवसों में किसान पंजीयन किया जा रहा है। विगत रबी एवं खरीफ की भांति इस वर्ष भी किसान पंजीयन को भू-अभिलेख के डाटाबेस आधारित किया गया है। वन पट्टाधारी एवं सिकमी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल समिति स्तर पर ही है। जिले के धान उत्पादक किसान पंजीयन केन्द्रों के अतिरिक्त मोबाईल एप एमपी ऑनलाईन, सीएससी, ग्राम पंचायत सुविधा केन्द्र, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे पर अधिकतम 50 रू का भुगतान कर पंजीयन करा सकते हैं। जिले के सभी धान उत्पादक किसानों से धान फसल का समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु 14 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से किसान पंजीयन कराने का अनुरोध किया गया है।
किसान पंजीयन हेतु जिले में बनाए गए हैं 23 केन्द्र
जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन के लिए कुल 23 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें रायसेन तहसील में कृषक सेवा सहकारी समिति रायसेन, सेवा सहकारी समिति पैमत, कृषक सेवा सहकारी समिति सांची तथा कृषक सेवा सहकारी समिति सलामतपुर पर पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। गैरतगंज तहसील के तहत सेवा सहकारी समिति देहगांव, सेवा सहकारी समिति गैरतगंज, विपणन सेवा सहकारी समिति आलमपुर, सेवा सहकारी समिति मुड़ियाखेडा, सेवा सहकारी समिति सिंहपुर तथा सेवा सहकारी समिति गढ़ी में और बेगमगंज तहसील के तहत सेवा सहकारी समिति सुनेहरा में किसान पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं।
इसी प्रकार सिलवानी तहसील के तहत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सिलवानी तथा वहत्ताकार सेवा सहकारी समिति बीकलपुर में, उदयपुरा तहसील के तहत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बौरास में, देवरी तहसील के तहत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित देवरी में किसान पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। बरेली तहसील के तहत सेवा सहकारी समिति बरेली तथा कृषक सेवा सहकारी समिति छुछार में, बाड़ी तहसील के तहत सेवा सहकारी समिति कन्हवार तथा सेवा सहकारी समिति गूगलवाडा में, गौहरगंज तहसील के तहत सहकारी विपणन समिति औबेदुल्लागंज तथा सेवा सहकारी समिति मण्डीदीप में, सुल्तानपुर तहसील के तहत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सुल्तानपुर में एवं आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित चम्पानेर में किसान पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button