राशन संकट पर ग्रामीणों का चक्काजाम, पुलिस-प्रशासन की तत्परता से स्थिति सामान्य

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले के जबेरा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बिजौरा में पिछले चार महीनों से राशन वितरण न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए संयम और संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों से संवाद किया तथा समझाइश देकर शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम हटवाया। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत सूचना दी और उन्हें ग्रामीणों के समक्ष बुलाया।
मौके पर नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने राशन विक्रेता (सेल्समैन) पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें लगातार चार महीनों से राशन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि सेल्समैन अक्सर शराब के नशे में रहता है और हितग्राहियों से असभ्य व्यवहार करता है।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सेल्समैन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। साथ ही हितग्राहियों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था एवं जांच प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम एवं कलेक्टर महोदय को मौके पर बुलाने की मांग भी रखी, हालांकि स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने ही मौके पर पूरी संवेदनशीलता के साथ मामला संभाल लिया और उचित कार्रवाई कर ग्रामीणों को समझाइश दी। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीण संतुष्ट नजर आए और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
पुलिस एवं प्रशासन की त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ कि जनसमस्याओं के समय पर समाधान से ही जनता का विश्वास कायम रहता है, और प्रशासन की सक्रियता से किसी भी स्थिति को बिगड़ने से पहले नियंत्रित किया जा सकता है।



