खटिया पर शव रखकर पार की नदीः अस्पताल लेट पहुंचने पर हुई मौत; पुल से ऊपर बह रहा पानी
रायसेन । रायसेन जिले के सांची विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हिनोतिया के युवक के शव को परिजन खटिया में लेटाकर घोड़ा पछाड़ नदी पार करके घर पहुंचे। घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की है। युवक के सीने में दर्द की शिकायत पर परिजन सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद परिजन एंबुलेंस की मदद से युवक के शव को नदी के किनारे तक ले गए। जहां से ग्रामीणों ने जान को जोखिम में डालकर शव को जहां से ग्रामीणों ने जान को जोखिम में डालकर शव को खटिया पर लेटाकर नदी को पार कराया।
सांची विधानसभा के हिनोतिया, शक्ति टोला, बसिया सहित 10 से 12 गांव के लोगों को हर साल बारिश के मौसम में परेशानी उठानी पड़ती है। गांव से निकलने वाली घोड़ा पछाड़ नदी ओवरफ्लो होने से पुल से ऊपर बहने लगती है। शनिवार को हिनोतिया गांव निवासी राजू सिसोदिया नाम के युवक की तबीयत खराब हो गई। सीने में दर्द की शिकायत थी।
जिसे परिजन अस्पताल ले जाने के लिए घर से निकले। हालांकि, रास्ते में पड़ने वाली घोड़ा पछाड़ नदी के पुल पर से पानी बह रहा था। जिसके बाद बड़ी मुश्किल से उसे नदी के इस पार लाकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने में देरी हो गई और युवक अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित दिया।
इसके बाद युवक के शव को अस्पताल से घर लाने के लिए भी जद्दोजहद ग्रामीणों को करनी पड़ी। नदी तक तो युवक के शव को एंबुलेंस से लाया गया। इसके बाद गांव के युवकों ने जान जोखिम में डालकर कमर तक पानी में से युवक के शव को नदी पार कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि जब पुल का निर्माण किया जा रहा था तो इसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। ग्रामीणों की मांग थी कि इस पुल को और ऊंचा किया जाए। लेकिन, जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार की मनमानी के चलते ग्रामीणों को हर साल बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। तो कभी बीमारी को तो कभी मृतकों को भी इसी तरह से खटिया के सहारे नदी पार करना पड़ती है।



