मध्य प्रदेश

कलेक्टर ने गैरतगंज तथा बेगमगंज तहसील कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण

राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकृत करने के दिए निर्देश
रायसेन । कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा बुधवार को गैरतगंज तथा बेगमगंज में तहसील कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय गैरतगंज, नायब तहसीलदार न्यायालय गढ़ी और तहसीलदार न्यायालय बेगमगंज का निरीक्षण कर आरसीएमएच पोर्टल सहित न्यायालय में लंबित प्रकरणों तथा उनके निराकरण की कार्यवाही की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित राजस्व संबंधी अन्य प्रकरणों की जानकारी लेते हुए सभी प्रकरणों को नियमानुसार दर्ज करते हुए निर्धारित समयावधि में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अरविन्द दुबे ने तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार न्यायालय में विगत 6 माह से अधिक समयावधि के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही दायरा पंजी, वाद पंजी, अतिक्रमण पंजी का भी अवलोकन किया तथा नियमानुसार संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकल शाखा, कानूनगो शाखा, डब्ल्यूबीएन शाखा का भी निरीक्षण किया और नियमानुसार पंजी संधारित किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर अरविन्द दुबे ने तहसील कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित आमजन की समस्याएं भी सुनी और संबंधित एसडीएम तथा तहसीलदार को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बेगमगंज सौरभ मिश्रा, तहसीलदार गैरतगंज अम्बर पंथी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button