क्राइम

4 बदमाशों ने मुनीम की आंखों में मिर्च झोंककर लूटे साढ़े 6 लाख रुपए

नेशनल हाईवे 45 पर ग्राम खुरसरू के पास वारदात
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी

उदयपुरा । बुधवार गुरुवार की रात्रि में एनएच 45 पर ग्राम खुरसरू के पास चार अज्ञात बदमाशों ने पिकअप सवार नर्मदा आटा उद्योग मिल के मुनीम की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर लगभग साढ़े छह लाख रुपए लूट लिए। घटना के बाद मुनीम ने गुरुवार सुबह उदयपुरा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
नर्मदा आटा उद्योग के मुनीम गोविंद साहू ने बताया कि बुधवार को वो पिकअप चालक दुर्गेश यादव के साथ बाड़ी, बरेली, अमरावद आदि बाजारों से रुपयों का कलेक्शन कर वापस उदयपुरा की ओर आ रहे थे। रात लगभग पौने 11 बजे खुरसरू जोड़ के आगे दो बाइक पर सवार चार लोग आए जिनमें से एक ने गोविंद की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, दूसरी ओर से भी एक युवक ने पिकअप चालक दुर्गेश की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे उसे वाहन को रोकना पड़ा। वाहन रुकते ही एक युवक ने पिछली सीट पर रखा नोटों से भरा बैग निकाला और पिकअप की चाबी तथा चालक का मोबाइल छीनकर चारों युवक बाइकों से बरेली की ओर भाग गए। घटना के बाद मुनीम ने मिल के मैनेजर सचिन राय को फोन किया और पूरी घटना बताई। कुछ देर बाद मैनेजर तथा सेठ परमानंद वर्मा, टिल्लू वर्मा, ब्रजगोपाल लोया मौके पर पहुंचे और इलाज कराने ले गए।
इस संबंध में एमएल भाटी, टीआई थाना उदयपुरा का कहना है कि लूट घटना हुई है। टीम बनाकर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। साथ में मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button