50 हजार कीमत की सागौन सहित महिंद्रा पिकअप जप्त, लकडी चोर फरार
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
बम्होरी। बम्होरी वन परिक्षेत्र में बेशकीमती सागौन की कटाई, वन भूमि पर अतिक्रमण और वन्य प्राणियों का शिकार रोजमर्रा की बात हो गई है। वन विभाग के इन घटनाओं को नियंत्रित करने की मंशा पर अकसर सवाल उठते हैं। वन संपदा की सुरक्षा के आरोप झेल रहे अमले ने लगभग 50,000 रुपए मूल्य के सागौन सहित एक महिंद्रा पिकअप वाहन को जप्त किया है। हालांकि लकडी चोर इस बार भी फरार होने में सफल हो गए।
जानकारी के अनुसार 4 और 5 मार्च की दरमियानी सिंघौरी अभ्यारण्य बाड़ी के वन परिक्षेत्र बम्होरी में शनिवार की रात्रि में बम्होरी— देहगांव मार्ग स्थित वन ग्राम अंतर्गत सागौन की अवैध कटाई के साथ लकड़ी चोरों के द्वारा गाड़ी लोड कर अवैध परिवहन की तैयारी की जा रही है, ऐसी सूचना विभाग को मुखबिर से मिली थी। जानकारी होने पर लकडी चोरो को धर दबोचने के लिए दो टीमें तैयार की गईं। रेंजर सहित कुल 10 वन कर्मचारी मौजूद रहे, जिनके द्वारा दो अलग-अलग प्वाइंटों पर नाकेबंदी की गई लेकिन काफी समय तक वाहन नहीं निकला। जब जंगल वाले मार्ग पर टीम के द्वारा सर्चिंग की गई तो वन विभाग की गाड़ियों को आता देख पिकअप चालक रात में अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया । अंधेरा होने के कारण यह भी नहीं कहा जा सकता कि गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर था या अन्य लोग भी साथ में मौजूद थे।
रात्रि 1 बजे की जाने वाली कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम के द्वारा पिकअप वाहन क्रमांक MP40 GA 1284 सहित 17 नग सागौन के गिल्ले जप्त किए, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार बताई जा रही है। वन विभाग के द्वारा वाहन मालिक उमेश कुमार महुबर के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1972 की धारा 26 एवं मध्य प्रदेश वन उपज अधिनियम 1969 के तहत प्रकरण कायम किया है ।



