ज्ञान सागर पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 70वां मध्य प्रदेश स्थापना दिवस

सिलवानी। क्षेत्र के ग्राम जमुनिया शिक्षण संस्थान ज्ञान सागर पब्लिक स्कूल में बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ 70वां मध्य प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, मध्य प्रदेश गान, वंदे मातरम एवं “सुबह सवेरे लेकर प्रभु नाम तेरा करते हैं हम शुरू आज का काम” जैसे प्रेरणादायक गीतों के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा भारत की आकृति में मध्य प्रदेश की स्माइली छवि बनाकर राज्य स्थापना दिवस का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
विद्यालय के संचालक पुष्पेंद्र कुमार कुशवाहा ने बच्चों को मध्य प्रदेश की स्थापना, विकास यात्रा एवं गौरवशाली उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की स्थापना 1 नवंबर 1956 को हुई थी और यह राज्य भारत के मध्य भाग का हृदयस्थल होने के साथ-साथ देश की उन्नति, विकास एवं राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इंदौर शहर लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
विद्यालय परिसर में “जय मध्य प्रदेश” के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर संचालक पुष्पेंद्र कुशवाहा ने सभी बच्चों को उनकी रचनात्मक कलाकृतियों के लिए पुरस्कृत किया और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से मोहित लोधी, पियूष नाथ, ओममणि लोधी, कल्याणी राय, निकिता राय, अंशिका राय, मुस्कान लोधी, हेमलता कुशवाहा, कंचन लोधी, प्राची खरे, अनुपमा श्रीवास्तव, मृत्युंजय नाथ, सुरदीप लोधी, अनुज कुमार सहित अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
विद्यालय के संचालक पुष्पेंद्र कुशवाहा ने सभी को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाईयाँ दीं और बच्चों को नई कलाकृतियाँ बनाने व रचनात्मकता में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।



