हायर सेकेण्डरी स्कूल बोर्ड परीक्षा-2022 का परिणाम घोषित जिले के चार विद्यार्थियों को प्रदेश की मेरिट सूची में मिला स्थान

जिले में 9476 छात्र हुए सम्मिलित 75.67 प्रतिशत बालक और 82.22 प्रतिशत बालिकाएं हुई उत्तीर्ण
रायसेन । माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित हायर सेकेण्डरी स्कूल बोर्ड परीक्षा वर्ष 2022 का परीक्षा परिणाम 29 अप्रैल को घोषित कर दिया गया है। रायसेन जिले से हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा में 11242 नियमित छात्र शामिल हुए, जिनमें 5274 बालक तथा 5968 बालिकाएं हैं। इसी प्रकार परीक्षा में कुल 1611 स्वाध्यायी छात्र शामिल हुए जिनमें 916 बालक तथा 695 बालिकाएं हैं।
हायर सेकेण्डरी स्कूल बोर्ड परीक्षा में जिले के कुल 9476 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं जिनमें 4295 बालक तथा 5181 बालिकाएं हैं। इस प्रकार जिले के नियमित विद्यार्थियों का कुल 79.15 प्रतिशत रहा, इसमें बालकों का 75.67 प्रतिशत और बालिकाओं का 82.22 प्रतिशत है। जिले में स्वाध्यायी छात्रों का परीक्षा परिणाम 37.15 प्रतिशत रहा है। पूरक की पात्रता कुल 1730 बालक-बालिकाओं को प्राप्त हुई है।
प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जिले के चार छात्रों को मिला स्थान
ायर सेकेण्डरी स्कूल बोर्ड परीक्षा में मध्यप्रदेश की मेरिट सूची में जिले के चार छात्र-छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया है। जिले के वात्सल्य कान्वेंट उ.मा. विद्यालय बरेली की गणित समूह की छात्रा कुमारी वेदिका विश्वकर्मा ने तीसरा स्थान, न्यू सर्वोदय उ.मा.विद्यालय उदयपुरा के वाणिज्य समूह के छात्र हरिओम रघुवंशी ने दसवां स्थान, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय उदयपुरा की जीव विज्ञान समूह की छात्रा कुमारी इमला खाने आठवां स्थान तथा एमडीबीएम उ.मा. विद्यालय उदयपुरा की जीव विज्ञान समूह की छात्रा कुमारी आहूति धाकड़ ने दसवां स्थान प्राप्त किया है।
हायर सेकेण्डरी स्कूल बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को छोड़कर शेष छात्र-छात्राओं में से जिले की मेरिट सूची तैयार की गई है। जिसमें कला समूह में छात्र अरमान राय एमडीबीएम उ.मा. विद्यालय उदयपुरा ने प्रथम स्थान, कुमारी सिमरन धाकड़ शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.विद्यालय उदयपुरा ने द्वितीय स्थान तथा कुमारी खुशी भार्गव शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय उदयपुरा ने भी द्वितीय प्रस्थान किया है।
इसी प्रकार विज्ञान समूह में कुमारी रितिका गुर्जर एमपी कान्वेंट उ.मा.विद्यालय बाड़ी तथा कुमारी जया चौकसे शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.विद्यालय उदयपुरा ने प्रथम स्थान, कुमारी प्रियंका लोधी एमपी मेमोरियल उ.मा.विद्यालय उदयपुरा तथा मोहित कुमार पटेल सीएम आर्य साइंस उ.मा.विद्यालय मण्डीदीप ने द्वितीय स्थान, कुमारी आरती धाकड़ वात्सल्य कान्वेंट उ.मा. बरेली तथा कुमारी निधि पाण्डेय विवेक जागृति उ.मा.विद्यालय मण्डीदीप ने जिले की मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
जिले की मेरिट सूची में वाणिज्य समूह में अनुज कुमार पण्डित सीएल आर्य साइंस उ.मा.विद्यालय मण्डीदीप ने प्रथम स्थान तथा कुमारी अशिका पटेल रोहित विद्या मंदिर उ.मा.विद्यालय नूरनगर उदयपुरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। कृषि संकाय समूह में शासकीय बालिका उ.मा.विद्यालय बरेली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।



