ऑटो पलटने से 2 की मौत, 6 की हालत नाजुक तीन कटनी, तीन को जबलपुर किया गया रिफर
कछारगांव बड़ा के मुडिया घाट में हुआ दर्दनाक हादसा
रिपोर्टर : संतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कछारगांव बड़ा के मुड़िया घाट में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है वहीं 6 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जिन लोगों की स्थिति गंभीर है उनमें से 3 को मेडिकल कॉलेज जबलपुर एवं 3 को जिला चिकित्सालय कटनी रिफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम कछारगांव बड़ा के ग्राम हल्का रोड मुडिया घाट (बसेहरा) में संतोष रजक के खेत के बगल में ऑटो क्रमांक- एमपी 20 एलडी 2933 अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो का ड्राईवर मुकेश पिता किशन साहू निवासी कछारगांव बड़ा बताया गया है। ऑटो में कुल 24 महिला एवं पुरुष सवार थे सभी ग्राम बोदा के निवासी बताये जा रहे है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त दर्दनाक हादसे में दो महिलाएं 1 मंगो बाई पति सुम्मत सिंह निवासी-ग्राम बोदा एवं 2. विद्या बाई पिता मदन सिंह निवासी-ग्राम बोदा की मौके पर मौत हो गई है।
ऑटो ड्राईवर की लापरवाही आई सामने
उक्त दर्दनाक हादसे में प्रथम दृष्टया ऑटो ड्राईवर की लापवाही सामने आई है और प्रत्याक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि क्षमता से अधिक लोग ऑटो में सवार थे और जैसे ही ऑटो मुडिया रोड के पास पहुंचा तो ऑटो चालक ऑटो से अपना संतुलन खो बैठा और अंनतः संतोष रजक के खेत के बाजू से उक्त ऑटो पलट गया जिसमें दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई ।




