विधायक रामबाई पर एफआईआर दर्ज, कलेक्टर को कहा था बदतमीज, ढोर और बेवकूफ
विधायक अब बोलीं- मुझे धाराओं से डर नहीं लगता
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
दमोह । दमोह कलेक्टर को खरी-खोटी सुनाने पर पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। शुक्रवार को वे महिलाओं को साथ लेकर समस्याएं बताने के लिए कलेक्टर के पास पहुंची थीं। उन्होंने दमोह कलेक्टर को सबके सामने कहा था- आंखें फूट गई क्या? कलेक्टर हो कि ढोर। उन्होंने कलेक्टर के लिए बेवकूफ और बदतमीज जैसे शब्द भी इस्तेमाल किए थे।
कलेक्टर ने बसपा विधायक पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी। कोतवाली टीआई विजय सिंह राजपूत ने बताया कि शुक्रवार देर रात कलेक्टर कार्यालय से आवेदन मिलने पर विधायक रामबाई के खिलाफ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। दमोह एसपी डीआर तेनीवार ने बताया कि कलेक्टर की शिकायत पर पथरिया विधायक रामबाई के खिलाफ भादवि की धारा 353, 294, 186 और 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
एफआईआर पर विधायक बोलीं, धाराओं का डर नहीं…
एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक रामबाई ने कहा- मुझे धाराओं का कोई डर नहीं। मैं जनता के हित के लिए काम कर रही हूं। इसके पहले भी मेरे खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज किए जा चुके हैं। परिवार के लोग भी झूठे मामलों में जेल में बंद हैं। जनता के हित के लिए यदि कोई फांसी पर भी चढ़ा दे, तो स्वीकार है। कलेक्टर से जो कहा उस पर खेद है, लेकिन कलेक्टर बार-बार चैक करा लेंगे, चैक करा लेंगे जैसे शब्द बोल रहे थे, इसलिए गुस्सा आ गया।
ये है पूरा मामला…
शासन की ओर से शुक्रवार को पथरिया विधानसभा के नरसिंहगढ़ में जन समस्या निवारण शिविर लगाया गया था। इसमें ज्यादा अधिकारी नहीं पहुंचे, ग्रामीण समस्याएं लेकर पहुंच गए। काफी देर इंतजार के बाद जब अधिकारी नहीं आए तो इस बात की सूचना पथरिया विधायक रामबाई को लगी। वे तुरंत ग्रामीण महिलाओं को अपने साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गईं।
उन्होंने पहले कलेक्टर को सूचना भिजवाई और इसके बाद कलेक्टर को बाहर आने के लिए कहा। जैसे ही कलेक्टर बाहर आए, विधायक ने महिलाओं की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस बीच कलेक्टर बार-बार जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन के दस्तावेज जांच कराने की बात कह रहे थे। इस बात पर विधायक रामबाई भड़क गईं



