मध्य प्रदेश

हेलमेट पर सख्ती : 4 सैकड़ा वाहन पकड़े, 70 हजार से ज्यादा जुर्माना वसूला, पुलिस स्टाफ को हेलमेट लगाने के निर्देश

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । हेलमेट को लेकर ट्रैफिक और पुलिस महकमे के अधिकारी विभागीय अमले पर सख्ती बरत रहे हैं। कलेक्टर अरविंद दुबे एसपी विकाश कुमार शाहवाल ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि हेलमेट की अनिवार्यता का पालन हर हाल में होना चाहिए। जो भी कर्मचारी बिना हेलमेट के कार्यालय आए, प्रवेश न दें। युवा तेजतर्रार एसपी शाहवाल ने भी सभी थाना प्रभारियों को इसके लिए निर्देशित किया है। कहा, कोई भी पुलिसकर्मी बिना हेलमेट दिखे तत्काल कार्रवाई करो। अन्यथा थाना प्रभारियों के खिलाफ एक्शन होगा।
     सभी दो पहिया वाहन चालक हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाए और बिना हेलमेट निकलने पर उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी। हेलमेट खुद वाहन चलाने वाले की सुरक्षा करता है। बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा और न ही किसी संस्थान में प्रवेश मिलेगा। सभी कार्यालय प्रमुखों को भी बिना हेलमेट किसी भी कर्मचारी को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिये गये है।अरविंद दुबे कलेक्टर रायसेन
रायसेन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अरविंद दुबे ने भी जिले में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाना अनिवार्य कर दिया है। बिना हेलमेट के चालक न तो सरकारी कार्यालय परिसर में प्रवेश कर पाएंगे और न ही पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल मिलेगा। कलेक्टर ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 (1) के तहत यह आदेश दिए हैं। इससे दो दिन पहले जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हेलमेट अनिवार्यता के निर्देश दिए थे गए। इस पर पुलिस प्रशासन ने  सख्ती शुरू कर दी।
शहरभर में चेकिंग लगाकर बिना हेलमेट मिले 400 बाइक सवारों को पकड़ा गया। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। ट्रैफिक पुलिस ने रायसेन बायपास कान्वेंट
स्कूल मोड़ , सागर भोपाल  चौराहे सागर रोड़ बैरियर टोल नाके वपर चेकिंग शुरू की तो वाहनों का मेला लग गया। बेरिकेड्स लगाकर वाहन रोकने पड़े। इस दौरान बड़ी संख्या में शासकीय सेवक भी फंस गए, जो पद की दुहाई देते नजर आए, लेकिन पुलिस ने रहम नहीं किया। दिनभर चली कार्रवाई में पुलिस ने 400 वाहन चालकों से 70 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। साथ ही दोबारा बिना हेलमेट मिलने पर वाहन जब्त कर न्यायालय भेजने की हिदायत दी।
नियमों का पालन करने वालों को पुलिस ने दिए फूल…..
शनिवार को शुरू हुए इस अभियान का कलेक्टर अरविंद दुबे व एसपी विकाश कुमार शाहवाल ने भी निरीक्षण किया। कान्वेंट स्कूल मोड़ में चेकिंग के दौरान हेलमेट लगाकर आए लोगों को फूल देकर प्रोत्साहित किया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही जो लोग बिना हेलमेट के पहुंचे थे, उन्हें फटकार लगाई।
बिना हेलमेट नहीं मिला पेट्रोल….
कलेक्टर दुबे  ने पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट किसी को पेट्रोल न देने के निर्देश दिए हैं, लेकिन कई जगह इस आदेश की अनदेखी भी सामने होती रही। अधिकांश वाहन चालक पेट्रोल पंप के सामने उन लोगों से मिन्नत करते नजर आए, जो हेलमेट लगाकर आए थे। उनसे हेलमेट उधार लेकर उन्होंने अपने वाहनों में पेट्रोल डलवाया है। सभी पेट्रोल पंपों में कलेक्टर के आदेश का असर देखने को मिला। बड़े-बड़े फ्लैक्स लगवाकर वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के बाद ही आने की समझाईश दी गई है।
हेलमेट के बिना शासकीय कार्यालय में नहीं दिया जाएगा प्रवेश…..हेलमेट वालों को ही पार्किंग सुविधा
कलेक्टर अरविंद दुबे के आदेश में कहा है कि ग्राम पंचायत, नगर पंचायत अथवा नगर पालिका परिषद एवं अन्य सार्वजनिक स्थल के पार्किंग में केवल हेलमेट धारण करने वाले दोपहिया वाहनों को पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। वहीं बाइक विक्रेता भी बिना हेलमेट क्रेता को शोरूम में प्रवेश न दें। कलेक्टर ने एसपी व सभी एसडीएम। एलके खरे को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अरविंद दुबे ने भी हेलमेट अनिवार्य करने का आदेश हाईकोर्ट जबलपुर में दायर जनहित याचिका के संबंध में पारित आदेश के परिपालन तथा आमजनों की सुरक्षा एवं लोक परिशांति बनाए रखने के लिए जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार संपूर्ण जिले में सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित सभी को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। ऐसे शासकीय सेवक को हेलमेट के बिना कार्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालक दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट धारण करने पर ही पेट्रोल देंगे।

Related Articles

Back to top button