मध्य प्रदेश

उमंग स्वास्थ्य केंद्र में किशोरियों ने जाना बेहतर स्वास्थ्य का मंत्र,

आरकेएसके-एफपीएआई के तहत कराया गया स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सिविल अस्पताल स्थित उमंग स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके)- एफपीएआई के अंतर्गत पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, की छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श सत्र शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को उमंग स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण (विजिट) भी कराया गया, जहां उन्हें किशोर स्वास्थ्य सेवाओं, परामर्श कक्ष एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आरकेएसके- एफपीएआई के किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता अमित शर्मा ने छात्राओं को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के उद्देश्यों, किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल तथा उमंग स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही नि:शुल्क एवं गोपनीय स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं मेडिकल ऑफिसर डॉ. नम्रता सिंह ने माहवारी स्वच्छता के महत्व, सही देखभाल एवं इससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। नर्सिंग ऑफिसर पुष्पलता शर्मा ने संतुलित पोषण, माहवारी स्वच्छता एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ स्पष्ट करते हुए छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को आरकेएसके- एफपीएआई के परामर्शदाता अमित शर्मा ने उमंग हेल्पलाइन 14425, टेली मानस हेल्पलाइन 14416, जस्ट आस्क चैटबॉट, प्रश्न पेटी सहित पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम, नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं से आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र श्रीवास्तव एवं विद्यालय हेल्थ केयर की श्रीमती प्रेमलता सिहोरे सहित विद्यालय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button