“इश्क” फरमाने की सजा, भांजे का मामा ने उतार दिया मौत के घाट

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
जबलपुर। परिचित महिला की बेटी से इश्क फरमाने की बात से नाराज शराबी मामा ने भांजे में धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। रात करीब 9 बजे हुई वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। परिवार सहित सामाज के लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि आखिरकार ‘मामा’ ने अपने ‘भांजे’ की हत्या क्यों कर दी। सूचना पर बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने टीम को लगाया और कुछ घंटे के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध 302 का अपराध पंजीबद्ध करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आधारताल पुलिस ने बताया कि शनिवार रात पन्नी मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय दुर्गेश कोल की उसके मामा अशोक कुमार ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अशोक मौके से फरार हो गया। इधर क्षेत्र में चर्चा है कि आरोपी अशोक कोल शराब पीने का आदि था। क्षेत्र की एक महिला से अशोक की बेहद घनिष्ठता थी। उक्त महिला की बेटी से अशोक का भांजा दुर्गेश एक तरफा प्यार करने लगा था। संभवत: इसी बात की जानकारी महिला द्वारा अशोक को दी गई, जिसके बाद भांजे से नाराज मामा अशोक उससे विवाद करने पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई जिसके बाद अशोक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। परिजनों सहित क्षेत्रीय लोगों द्वारा बताई गई जानकारी को पुलिस सत्यापन कर रही है।



