मध्य प्रदेशविधिक सेवा

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत सरस्वती विद्या मंदिर में जागरूकता शिविर आयोजित

सिलवानी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन राकेश मोहन प्रधान के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं न्यायाधीश सुनीता पचौरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से यह जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
न्यायाधीश सुनीता पचौरिया ने कहा कि जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज की आधारशिला होते हैं। कानून केवल न्यायालयों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना एक सुरक्षित, जिम्मेदार और न्यायपूर्ण समाज की नींव है।
उन्होंने छात्राओं को बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम 2012 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को बच्चों के संपर्क में आने वाले लोगों तथा उनकी गतिविधियों के प्रति सजग रहना चाहिए।
शिविर में छात्राओं को शिक्षा एवं बाल श्रम से संबंधित कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। वहीं, 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को खतरनाक कार्यों में नियोजित करना प्रतिबंधित है। यदि कहीं बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी शिकायत पुलिस या मजिस्ट्रेट से की जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विपिन बिहारी, स्कूल स्टाफ से ज्योति श्रीवास्तव, मंच संचालन कर रहीं सुशीला सराठे सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button